प्रदेश उत्तर प्रदेश

झांसी में एक वार्ड ऐसा जहां भाजपा के दिग्गजों के बीच से बागी उम्मीदवार ने मार ली बाजी

lakhan-kushwaha झांसीः उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में चहुंओर भारतीय जनता पार्टी की आंधी चल रही है। ऐसे में नगर निगम झांसी की सीट पर बिहारी लाल आर्य ने भले ही रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल कर ली हो, लेकिन एक वार्ड ऐसा भी है जहां भारतीय जनता पार्टी के सांसद से लेकर विधायक और तमाम दिग्गज निवासी होने के बावजूद भाजपा के बागी उम्मीदवार के माथे पर जीत का सेहरा बंधा है। दो बार भाजपा सभासद बनने के बाद तीसरी बार टिकट नहीं मिलने पर बागी हुए भाजपा के पूर्व पार्षद ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और भाजपा के उम्मीदवार को शिकस्त दे दी है। पूरे महानगर में अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है। वार्ड नंबर 53 जहां दो बार से भारतीय जनता पार्टी के पार्षद रहे लखन कुशवाहा को तीसरी बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया। जिस पर भाजपा से बगावत करते हुए लखन कुशवाहा ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और करीब 300 से अधिक मतों से जीत हासिल कर ली। चुनाव जीतने के बाद भाजपा के जिलाध्यक्ष ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि इस वार्ड में भाजपा के अधिकांश दिग्गजों का निवास स्थल है। ये भी पढ़ें..Jhansi: बिहारी लाल आर्य ने जनता को दिया जीत का श्रेय,... चाहे वह झांसी ललितपुर संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय कहे जाने वाले सांसद अनुराग शर्मा हों या फिर सदर विधायक पंडित रवि शर्मा, शिक्षक एमएलसी बाबूलाल तिवारी से लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने वाले कई बार के विधायक व पूर्व शिक्षा मंत्री रविन्द्र शुक्ल हों। यहां तक कि बुंदेलखंड के इतिहास व वेद पुराणों के मर्मज्ञ एनसाइक्लोपीडिया ऑफ बुंदेलखंड कहे जाने वाले दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हरगोविंद कुशवाहा भी इसी वार्ड के निवासी हैं। इसी वार्ड में हाल ही में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य बनाए गए जगदीश साहू का भी आवास है। यहां तक कि उस जिले का भाजपा कार्यालय भी इसी वार्ड में स्थित है। इस सबके बाबजूद भाजपा का हार जाना चिंतन व मंथन का विषय है। जीत का श्रेय अपने वार्ड की जनता को दिया लखन कुशवाहा ने जीत के बाद कहा कि वह 342 वोट मतों से जीते हैं और उन्होंने इस जीत का श्रेय अपने वार्ड की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लखन कुशवाहा नहीं लड़ रहा था, बल्कि यह चुनाव वार्ड नंबर 53 की जनता लड़ रही थी और इसीलिए यह विजयश्री हमें मिली। उन्होंने कहा 5 साल तक जनता की कोई भी समस्या ना रहे इसके लिए काम किया जाएगा। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)