विवादित भाजपा नेता पर दर्ज होगा मुकदमा, कोर्ट ने दिया आदेश

80

सुलतानपुरः नगर पालिका सुलतानपुर विवादों का दूसरा नाम बन गया है। कभी ऐतिहासिक पार्कों के स्वरूप बदलने तो कभी जबरन आवासीय निर्माणों को ढहाने को लेकर नगर पालिका विवादों में रहता है। अब न्यायालय ने नगर पालिका अध्यक्ष के पति पर फौजदारी सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।

संगीता शुक्ला का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल के पति अजय जायसवाल ने उनसे मारपीट व छेड़खानी की। मामले में पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना कोतवाली नगर में आवेदन किया था, लेकिन अजय जायसवाल के सत्ताधारी पार्टी से जुड़े होने के कारण पुलिस मुकदमा दर्ज करने से कतरा रही थी। न्याय न मिलता देख पीड़िता ने जिला अदालत में आरोपी व्यक्तियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने हेतु वाद दायर किया। न्यायालय में दाखिल किए गए वाद में पीड़िता ने बताया है कि वह ‘संगीता महिला सशक्तिकरण सामाजिक सेवार्थ जन कल्याण’ हेतु सामाजिक संस्था चला रही है।

इसके अलावा वह अपने आवास के दायरे में ही मकान से संलग्न जीव रक्षा केंद्र भी स्थापित करके उसका संचालन करती हैं। बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष के पति अजय जायसवाल भू-माफिया व आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। बीते 29 मई को अजय जायसवाल अपने साथ 5-6 अज्ञात व्यक्तियों के साथ मेरे घर आए और धक्का देकर मेरे घर का दरवाजा खोल दिया। उन्होंने मेरे आवास के दायरे में बने जीव रक्षा केंद्र के तंबू आदि को जबरन हटाने की धमकी दी और मेरे साथ अभद्रता की। हालांकि मैंने वहां से भागकर अपनी इज्जत बचाई। इसके बाद गलत नीयत से कभी फोन तो कभी फेसबुक पर धमकी व मानहानिजनक चीजों से मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया।

संगीता ने बताया कि इसकी शिकायत उसी दिन थाना प्रभारी निरीक्षक से की, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। इसके बाद 12 जून को जेसीबी लगाकर मेरे जीव रक्षा केंद्र को ढहा दिया। इसमें कई पशुओं की मौत भी हो गयी। इस कृत्य से मुझे करीब 10 लाख रूपये का नुकसान हुआ। इस मामले में जिला अदालत सुलतानपुर के विशेष न्यायाधीश-पॉक्सो एक्ट अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार शर्मा ने थानाध्यक्ष कोतवाली नगर सुलतानपुर को 2 दिन के भीतर मुकदमा दायर कर न्यायालय को सूचित करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही थानाध्यक्ष कोतवाली नगर सुलतानपुर को धारा-21 पॉक्सो एक्ट के तहत कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी आदेश दिया है।