Wednesday, October 23, 2024
spot_img
spot_img
spot_img
Homeउत्तर प्रदेशMaha Kumbh-2025: में 50 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना, अयोध्या में...

Maha Kumbh-2025: में 50 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना, अयोध्या में बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या में आयोजित होने वाले आठवें दीपोत्सव को अब तक का सबसे भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियों के संबंध में प्रेस वार्ता की। मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा, सनातन धर्म के इतिहास में 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान श्री राम का भव्य-दिव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है। भगवान श्री राम अब अपने मंदिर में विराजमान हैं।

महाकुंभ और दीपोत्सव के लिए सरकार पूरी तरह तैयार

हम सबके लिए यह आठवां दीपोत्सव त्रेता युग और आधुनिकता के साथ अलौकिकता का अद्भुत संगम होगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह पर्यटन भवन में महाकुंभ-2025 और दीपोत्सव-2024 की तैयारियों के संबंध में मीडिया मित्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2024 तक प्रदेश के हर जिले में दीपोत्सव मनाने का सौभाग्य प्राप्त होगा। इस दौरान 04 किलोमीटर की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सांस्कृतिक कलाकारों की विभिन्न टीमें रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कर मंचन करेंगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस बार अयोध्या में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर 25 लाख दीप जलाएगा।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में होगा दर्ज

इसके अलावा अन्य मंदिरों में संत-महात्माओं द्वारा 10 लाख दीप जलाए जाएंगे। इस दिव्य आयोजन में अवध विश्वविद्यालय, स्वयंसेवकों, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के साथ ही विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं का सहयोग प्राप्त होगा। पिछले वर्ष यानि 2023 में 22.23 लाख दीप जलाए गए थे, जिसके साक्षी 54 देशों के राजनयिक बने थे। दीपोत्सव-2024 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारत सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री व अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ ही सभी आयोजनों के साथ ही लक्ष्मण किला घाट से नया घाट तक 1100 वेदाचार्यों के साथ सरयू आरती कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। लाखों जगमगाते दीयों के बीच सरयू धारा, राम की पैड़ी पर जल के बीच भव्य मंच पर कलाकारों द्वारा अद्भुत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लेजर शो का आयोजन किया जाएगा।

जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या दीपोत्सव-2024 में गुप्तार घाट, बड़ी देवकाली, तुलसी उद्यान, हनुमानगढ़ी, राम पथ, राम कथा पार्क, सरयू घाट, राम की पैड़ी आदि विभिन्न स्थानों पर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग देश-विदेश के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगा। साथ ही भव्य ड्रोन शो, संगीतमय लेजर शो एवं अन्य कार्यक्रम भी होंगे।

कुंभ में 40 से 50 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

पर्यटन मंत्री ने बताया, महाकुंभ-2025 मोक्षदायिनी मां गंगा, यमुना एवं सरस्वती के अविरल पावन संगम प्रयागराज की पावन धरती पर 13 जनवरी से 26 फरवरी तक भारतीय सनातन संस्कृति का विश्व का सबसे बड़ा भव्य, दिव्य, अलौकिक, आध्यात्मिक एवं धार्मिक आयोजन है। इस आध्यात्मिक मेले में देश ही नहीं बल्कि विश्व के अनेक देशों से श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने संगम तट पर आते हैं। इस बार 40 से 50 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। पर्यटन एवं संस्कृति, यूपी और कुंभ मेला प्राधिकरण के साथ सरकार चाक-चौबंद तैयारियां कर रही है।

यह भी पढ़ेंः-ED की छापेमार से राज्य भर में हड़कंप, डर की वजह से राशन डीलर ने किया ये काम

महाकुंभ-2025 में उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यू.पी.एस.टी.डी.सी.) द्वारा पीपीपी मोड पर अरैल और झूंसी में टेंट सिटी का काम चल रहा है। अयोध्या, काशी, विंध्याचल समेत अन्य स्थानों पर जाने के लिए विशेष पैकेज तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही फूड कोर्ट, हेलीकॉप्टर टूर और अन्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने भारत में तैनात विभिन्न देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों से भी अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने देशों में हिंदुओं और भारत की सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले अन्य श्रद्धालुओं को महाकुंभ-2025 में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें