Saturday, October 12, 2024
spot_img
spot_img
spot_img
Homeप्रदेशहिमाचल प्रदेशhimachal: सुक्खू सरकार ने एचआरटीसी कर्मचारियों को दिया दीपावली का तोहफा

himachal: सुक्खू सरकार ने एचआरटीसी कर्मचारियों को दिया दीपावली का तोहफा

शिमला: हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालकों और परिचालकों को दीपावली का तोहफा दिया है। एचआरटीसी के 50वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लंबित डीए, ओवरटाइम, मेडिकल बिल भुगतान समेत एचआरटीसी कर्मचारियों को कई दीपावली तोहफे दिए।

सीएम सुक्खू ने की ये घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर एचआरटीसी कर्मचारियों को चार प्रतिशत डीए देने की घोषणा की और इसी माह 28 अक्तूबर को वेतन और पेंशन देने की भी घोषणा की। इसके अलावा एचआरटीसी कर्मचारियों के लंबित नौ करोड़ मेडिकल बिलों का भुगतान दो माह में किया जाएगा। जबकि मुख्यमंत्री ने 55 माह से अटके 97 करोड़ ओवरटाइम और भत्तों के रूप में 50 करोड़ देने की भी घोषणा की है। 31 मार्च तक सभी लंबित भुगतान कर दिए जाएंगे।

एचआरटीसी की कार्यप्रणाली में होगा बदलाव

शनिवार को एचआरटीसी के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि 40 साल पहले मेरे पिता एचआरटीसी में चालक के पद पर कार्य करते थे, इसलिए वह एचआरटीसी कर्मचारियों का दर्द समझते हैं। उस समय निगम के बेड़े में 800 बसें थीं, जो अब 3200 से अधिक हैं। प्रदेश सरकार हर साल एचआरटीसी को 700 करोड़ से अधिक का अनुदान देती है। लेकिन अब एचआरटीसी को भी कार्यप्रणाली में बदलाव लाना होगा, ताकि निगम घाटे से उबर सके। इसके लिए अगले माह ग्रीन हाइड्रोजन प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा।

घाटे के बावजूद दी जा रही पेंशन और सुविधाएं

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री का कार्यभार संभाल रहे मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी 50 वर्षों से गांव-गांव तक लोगों को पहुंचाने की प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। एचआरटीसी में रोजाना छह लाख लोग सफर करते हैं। घाटे की स्थिति के बावजूद मौजूदा सरकार ने एचआरटीसी के कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देने में एक दिन के लिए भी कोई लापरवाही नहीं बरती। एचआरटीसी कर्मचारियों के वेतन पर 45 करोड़, पेंशन पर 25 करोड़ और डीजल पर 45 करोड़ खर्च कर रही है।

यह भी पढ़ेंः-सीएम शर्मा का अधिकारियों को निर्देश, सभी की समस्याओं का हो समाधान

बता दें कि हिमाचल पथ परिवहन निगम ने 50 वर्ष का सफर पूरा कर लिया है। 1974 में अपना सफर शुरू करने वाली एचआरटीसी ने 2 अक्टूबर को 50 साल का सफर पूरा कर लिया है। हिमाचल में परिवहन का जिम्मा मुख्य रूप से एचआरटीसी के पास है। एचआरटीसी की बसें अंतरराज्यीय रूटों के साथ-साथ स्थानीय, ग्रामीण और दूरदराज के रूटों पर भी अपनी सेवाएं दे रही हैं। एचआरटीसी के बेड़े में 3200 बसें हैं। इनमें से करीब 200 लग्जरी बसें हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें