Jharkhand Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर अहम बैठक हुई। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह के साथ झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा, झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, सांसद दीपक प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, झारखंड भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, समीर उरांव, झारखंड में विपक्ष के नेता अमर बाउरी और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू पहुंचे।
नामों पर हुई गहन चर्चा
बैठक में चुनावी रणनीति के साथ ही झारखंड में प्रत्याशियों के नामों पर गहन चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक सभी विधानसभाओं के लिए तीन-तीन संभावित प्रत्याशियों के नामों के चयन पर चर्चा हुई। हालांकि प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव समिति करेगी।
ये भी पढ़ेंः- हरिद्वार में मची गुजरात के गरबे की धूम, CM भूपेंद्र पटेल ने गुज्जु परिवार को किया प्रोत्साहित
आदिवासी उम्मीदवारों को दे सकती है टिकट
झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर सहयोगी दलों के लिए सीट आवंटन पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि भाजपा ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) को नौ, जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू) को दो और लोक जनशक्ति पार्टी को एक सीट दे सकती है। पार्टी सभी 28 आदिवासी बहुल सीटों पर आदिवासी उम्मीदवार उतार सकती है।