सोनीपतः सांसद Deepender Hooda ने खरखौदा व गोहाना विधानसभा क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने गुरुवार को गांव सिसाना, भटगांव, जुआं, माहरा में जनसभाओं में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा की जनता सरकार बदलने का मन बना चुकी है और भाजपा सरकार के अब केवल 19 दिन बचे हैं।
हरियाणा में बेरोजगारी केवल भाजपा की देन
हुड्डा ने कहा कि भाजपा दस साल में कुछ नहीं करके जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने हरियाणा में बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने 10 साल में प्रदेश को लूटा है और अब फिर से मतदाताओं को भ्रमित करने की साजिश कर रही है। अब समय आ गया है कि गोहाना से जगबीर मलिक व खरखौदा से जयबीर वाल्मीकि को आशीर्वाद दिया जाए।
घोषणा पत्र पर साधा निशाना
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर व्यक्ति को 15 लाख रुपये व दो करोड़ नौकरियां देने जैसे झूठे वादे किए, जो पूरे नहीं हुए। उन्होंने भाजपा के घोषणापत्र को नारों का पुलिंदा बताते हुए कहा कि 10 साल में भाजपा ने युवाओं को स्थाई नौकरी नहीं दी और सरकारी पद खाली पड़े रहे।
यह भी पढ़ेंः-Bijnor News: आक्रोशित किसानों ने कई मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में किया जोरदार प्रदर्शन
हुड्डा ने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर लंबित भर्तियां पूरी की जाएंगी। महंगाई के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 साल तक महंगे दामों पर गैस सिलेंडर बेचे, लेकिन अब अपने घोषणापत्र में 500 रुपये में सिलेंडर देने की बात कर रही है। उन्होंने भाजपा पर तानाशाही और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)