शिमला (Himachal Pradesh): हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू सरकार में कैबिनेट विस्तार में हो रही देरी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने नाराजगी जताई है। सुक्खू कैबिनेट में मंत्रियों के तीन पद खाली हैं। कांग्रेस सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है, लेकिन अभी तक कैबिनेट विस्तार नहीं हुआ है।
प्रतिभा सिंह का कहना है कि संगठन के लोगों को सरकार में नियुक्तियां देने और कैबिनेट विस्तार को लेकर वह पिछले पांच महीने से मुख्यमंत्री से शिकायत कर रही हैं, ऐसे में सरकार को समय रहते पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार में जिम्मेदारी देनी चाहिए। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है और वे पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रभावी ढंग से काम करते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अब बहुत कम समय बचा है और ऐसे में कार्यकर्ताओं को मजबूती के साथ काम करने की जरूरत है।
गारंटियों को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी
प्रतिभा सिंह ने यह बयान रविवार को हिमुडा में उपाध्यक्ष पद पर यशवंत छाजटा की नियुक्ति के बाद शिमला स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार को जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर संगठन के लोगों को सरकार में जिम्मेदारियां देनी चाहिए ताकि कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के लिए और मेहनत कर सकें। कांग्रेस की गारंटी पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी जो गारंटी देती है उसे पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है। हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस ने जो गारंटी दी थी उसे पूरा करना सरकार का काम है और सरकार इसके लिए काम भी कर रही है।
ये भी पढ़ें..Himachal Pradesh: भाजपा की जीत पर राजीव बिंदल बोले- यह देशभक्ति व राष्ट्रवाद की जीत
कमियों पर मंथन करने की जरूरत
चार राज्यों के चुनाव नतीजों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि जनता ने जो जनादेश दिया है, उसे कांग्रेस पार्टी स्वीकार करती है। लेकिन, कहां कमियां हैं, इस पर कांग्रेस पार्टी को मंथन करना होगा। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी को कैसे पुनर्जीवित किया जाए इस पर मंथन की जरूरत है। आपको बता दें कि प्रतिभा सिंह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा मंडी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद भी हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण, युवा सेवा और खेल मंत्री हैं।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)