मुख्यमंत्री सोरेन बोले- झारखंड में वही राज करेगा जो 1932 की बात करेगा

0
35

soren-said-only-the-one-who-will-talk-about-1932-will-rule-in-jharkhand

 

रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में यूपीए गठबंधन के उम्मीदवार बजरंग महतो के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सोरेन ने भाजपा और आजसू के नेताओं को झूठ का सरदार बताते हुए कहा कि झारखंड में अब वही राज करेगा जो 1932 की बात करेगा।

अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए सोरेन ने सबसे पहले 1932 की खतियान की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां वही राज करेगा जो 1932 की बात करेगा। पहले भी भाजपा और आजसू ने मिलकर सरकार बनाई थी लेकिन तब सड़कों पर खून बह रहा था, लेकिन हमने जब 1932 के खतियान आधारित नीति बनाई तो जनता ने खुशी से उसका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का विकास तभी हो सकता है जब यहां के आदिवासी और मूलनिवासी सरकार चलाएंगे। उन्होंने कहा कि जब झारखंड अलग हुआ था यहां की सत्ता पर उत्तर प्रदेश और बिहार वालों का ही राज था। कहने के लिए तो बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा को सीएम की कुर्सी दी गई, लेकिन उन लोगों को पांच साल पूरा नहीं करने दिया गया। छत्तीसगढ़ से आदमी को बुलाकर यह डबल इंजन की सरकार चला रहे थे लेकिन अब झारखंडी ताकत का अहसास उन्हें होने लगा है।

ममता देवी ने आम लोगों की सेवा के बच्चे को छोड़ा अनाथ

सीएम सोरेन कहा कि विधायक ममता देवी जनता की सेवा के लिए अपने बच्चे को अनाथ छोड़ दिया। आज वह एक बड़ी साजिश का शिकार होकर जेल के अंदर हैं। उसके बच्चे का दर्द सिर्फ एक औरत ही समझ सकती है। उन्होंने कहा कि अब आम जनता ही उस बच्चे को सहारा देगी। यह तभी संभव हो पाएगा बजरंग महतो को इस चुनाव में जीत मिलेगी।

यहां की नीतियों से यूपी बिहार वालों को होता है दर्द

नियोजन नीति पर लोगों को ध्यान खीचते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के युवाओं को नौकरी देने के लिए नियोजन नीति तैयार की गई थी, लेकिन यूपी और बिहार के शिकायतकर्ताओं ने उसे हाई कोर्ट में चुनौती दी और उसे निरस्त करा दिया और नीति जब कर्नाटक में बनी तो सब सही हो गया। यह सिर्फ इसलिए क्योंकि, कर्नाटक में बीजेपी गठबंधन की सरकार है। झारखंड कुछ काम होगा तो यूपी और बिहार वालों के पेट में दर्द शुरू हो जाता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)