शिक्षक दिवस पर ममता की घोषणा, राज्य में होगी 89 हजार शिक्षकों की नियुक्ति

0
40

कोलकाताः शिक्षक दिवस के मौके पर सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 89 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शिक्षक दिवस पर विश्व बांग्ला मेला परिसर में एक समारोह में शामिल हुईं। यहां उन्होंने नैतिक चरित्र गठन पर विशेष जोर दिया।

राज्य में शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शिक्षकों के 89 हजार नए पदों पर नियुक्ति की घोषणा की। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार राज्य में दो लाख 63 हजार शिक्षण और गैर शिक्षण पदों पर नियुक्ति हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि न केवल शिक्षण पदों के लिए बल्कि कौशल आधारित पदों के लिए भी राज्य की ओर से 30 हजार युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर रोजगार दिया जाएगा। उन्हें अगले 15 दिनों के भीतर नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे।

ममता ने कहा कि कई युवाओं की शिकायत है कि योग्यता होने के बावजूद उन्हें नौकरी नहीं मिली। यहां तक कि वे सड़कों पर धरना भी दे रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा जिन्हें न्याय नहीं मिला, उन्हें हमसे न्याय जरूर मिलेगा।

छात्रों के लिये नैतिक चरित्र निर्माण की आवश्यकता पर बल देते हुए ममता ने इस विषय को पठन-पाठन में शामिल करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि व्यक्ति कितना लालची होता है, यह व्यक्ति पर निर्भर करता है। यह सब व्यक्ति की ईमानदारी पर निर्भर करता है। कुछ लोग कुसंगत में भटक जाते हैं, उसके लिए सबके प्रति दुर्भावना रखना ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री ने इस दिन छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि हमें अपने देश का इतिहास, धार्मिक तटस्थता जानने की जरूरत है। प्रतिभा के दम पर बंगाल एक दिन पूरी दुनिया पर कब्जा कर लेगा। शिक्षक हमारा गौरव हैं।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…