खेल

तीरंदाजी विश्व कप के लिए 6 सदस्यीय भारतीय टीम का हुआ चयन

नई दिल्लीः आर्मी के तीरंदाज प्रवीण जाधव और झारखंड की दीपिका कुमारी ने पांच दिवसीय चयन ट्रायल में क्रमश : पुरुष और महिला वर्ग में टॉप स्थान हासिल किया। सोमवार को आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे में समाप्त हुए ट्रायल में पुरुषों में जाधव के अलावा अतानु दास और तरुणदीप रॉय तथा महिलाओं में दीपिका के अलावा झारखंड की अंकिता भकत और कोमालिका बारी का चयन किया गया।

विश्व तीरंदाजी महासंघ की वेबसाइट पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, भारत की ये छह सदस्यीय टीम 21 से 27 जून तक होने वाले पेरिय विश्व कप में भाग लेगी। ये टूर्नामेंट जुलाई-अगस्त में होने वाले टोक्यो ओलंपिक के लिए अंतिम क्वालीफाइंग टूर्नामेंट होगा। पेरिस विश्व कप में अगर भारतीय महिला टीम कट हासिल करती हैं तो ओलंपिक के लिए भारत को टीम कोटा मिल जाएगा। ये छह सदस्यीय टीम 17 से 23 मई तक होने वाले शंघाई विश्व कप में भी हिस्सा लेंगी।

पुरुषों के ट्रायल में अतानु दास ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए अपना फॉर्म बरकरार रखा जबकि आर्मी के अनुभवी तीरंदाज तरुणदीप राय तीसरे स्थान पर रहे। जाधव, दास और राय ने नीदरलैंड्स में आयोजित 2019 विश्व चैंपियनशिप में टोक्यो ओलंपिक के लिए पुरुषों की टीम का कोटा स्थान हासिल किया था। रियो ओलंपिक में भारत ने पुरुष वर्ग में व्यक्तिगत कोटा जीता था।

24 साल के जाधव अपना पहला ओलंपिक खेलेंगे। राय दो बार के ओलंपियन हैं, जिन्होंने 2004 और 2012 में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और अब वह टोक्यो में अपना तीसरा ओलंपिक खेलेंगे।

दीपिका ने बैंकॉक में नवंबर 2019 में आयोजित एशियाई चैम्पियनशिप में प्रथम स्थान पर रहते हुए व्यक्तिगत कोटा हासिल किया था। 2012 और 2016 ओलंपिक के बाद दीपिका का यह तीसरा ओलंपिक होगा। महिलाओं में अंकिता भकत और कोमलिका बारी दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। कोविड महामारी के कारण पिछले साल तीरंदाजी प्रतियोगिताओं को रद्द कर दिया गया था।

यह भी पढ़ेंः-मनीष सिसोदिया ने कहा- दिल्ली बजट में है अगले 25 सालों की दृष्टि

भारतीय टीम :

पुरुष रिकर्व : प्रवीण जाधव, अतानु दास और तरुणदीप राय।

महिला रिकर्व : दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और कोमोलिका बारी।