Home उत्तर प्रदेश नगर निगम के एक वार्ड में ही 300 पोल की लाइटें खराब

नगर निगम के एक वार्ड में ही 300 पोल की लाइटें खराब

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का नगर निगम इन दिनों नए-नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। एक ओर जहां हर पोल पर लाइट लगाने की कोशिशें चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर एक ही वार्ड के 300 पोल पर लगी लाइटें खराब पड़ी हैं। पार्षद को इसकी शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं मिल पा रहा है।

इंदिरा नगर शहर की काफी पुरानी कॉलोनियों में जानी जाती है। इन दिनों यहां अजीबो-गरीब कारनामे चल रहे हैं। नगर निगम जिन पोल में लाइट लगा चुका है, उनके 300 पोल की लाइटें खराब पड़ी हैं। इसवजह से क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहता है। क्षेत्र की पार्षद पूजा जायसवाल अपने क्षेत्र की समस्या महापौर और नगर आयुक्त के पास भी पहुंचा चुकी हैं। एक ओर शहर में नए पोल में लाइट लगाने के लिए नगर निगम को जद्दोजहद करनी पड़ रही है, वहीं पुरानी लाइटों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। कई सालों से पार्षद नए स्ट्रीट लाइट की मांग कर रहे हैं। इनकी मांग पर ही अभी हाल में पार्षदों को 50-50 स्ट्रीट लाइट देने पर सहमति बनी है। सवाल यह है कि खराब पड़ी लाइटें ठीक क्यों नहीं हो पा रही हैं ? शहर की एक-दो नहीं, सैकड़ो ऐसे पोल हैं, जहां पर लोगों ने खुद स्ट्रीट लाइट अपनी ओर से लगवाई हैं।

यह भी पढ़ें-लोहिया में अब एक ही छत के नीचे किडनी, लीवर, बोनमैरो ट्रांसप्लांट

पूजा जायसवाल का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र में घूम-घूम कर स्ट्रीट लाइट का सर्वे किया है। उनके पास प्रमाण हैं और यदि नगर आयक्त इसका सत्यापन चाहते हैं तो वह खुद चलकर देख सकते हैं। इस पर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने जोनल इंजीनियर को लाइट का सर्वे कराने का आदेश दिया है। इस आदेश के भी करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन क्षेत्र की लाइट संबंधी समस्या जस की तस है। लाइटें खराब होने की समस्या केवल इंदिरा नगर की नहीं है, यह पूरे शहर की है। स्ट्रीट लाइट का काम नगर सीमा में केवल नगर निगम ही करता रहा है इसलिए लोग पार्षद से इसके निदान की मांग करते हैं। कई वार्डां में क्षेत्र के कुछ लोगों ने अपने पैसे लगाकर पोल पर स्ट्रीट लाइटें लगवाई हैं। नए क्षेत्रों में तो अभी पोल तक नहीं हैं। यहां के पार्षद पहले पोल लगाने की मांग कर रहे हैं।

इनकी मांग पर ही नगर निगम सीमा में नए मार्ग प्रकाश बिंदु स्थापित करने के लिए 731 लाख रुपए की मांग कर चुका है। विस्तारित नगरी विकास के अंतर्गत 88 गांव में मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए काम कराया जाना है, इसके लिए 4,682 लाख रुपए की मांग की गई है। यह मांग कई योजनाओं के माध्यम से की गई है। नगर सीमा के अंतर्गत विभिन्न वार्ड के मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था एवं जर्जर पोल को बदलने के लिए 141 लाख रुपए की जरूरत बताई गई है। नगर आयुक्त और महापौर ने आश्वासन दिया है कि शहर के मार्ग प्रकाश में आ रही दिक्कतों को जल्द दूर कर लिया जाएगा। पार्षदों के माध्यम से इसकी शुरूआत की जा चुकी है।

Exit mobile version