देश Featured

अनाज सौदे के तहत यूक्रेन के खाद्य पदार्थो का निर्यात 17 मिलियन टन तक पहुंचा

कीव: काला सागर बंदरगाहों से अनाज और उर्वरक के निर्यात पर एक समझौते के तहत अगस्त से अब तक यूक्रेन का खाद्य पदार्थो का निर्यात 1.7 करोड़ मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। समाचार एजेंसी इंटरफैक्स-यूक्रेन ने मंगलवार को यूक्रेनी समुद्री बंदरगाह प्राधिकरण का हवाला देते हुए बताया कि पिछले तीन दिनों में 158,500 मीट्रिक टन कृषि उत्पादों से लदे पांच जहाज यूक्रेन के बंदरगाहों से मिस्र, श्रीलंका और अन्य देशों के लिए रवाना हुए।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इस समय 98 जहाज बोस्फोरस में निरीक्षण की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिनमें से 21 पहले से ही लोड हैं और 77 लोडिंग के लिए जा रहे हैं। 22 जुलाई को रूस और यूक्रेन ने सशस्त्र संघर्ष के बीच वैश्विक बाजारों में आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यूक्रेन और रूस से अनाज और उर्वरक निर्यात पर तुर्की और संयुक्त राष्ट्र के साथ अलग से इस्तांबुल में एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।

सौदा, जिसे काला सागर अनाज पहल के रूप में भी जाना जाता है, 19 नवंबर, 2022 को समाप्त होने वाला था, उसे और 120 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया था।
उल्लेखनीय है कि रूस और यूक्रेन में युद्ध के चलते दुनिया भर के तमाम देशों ने यूक्रेन का साथ दिया है वहीं रूस पर कई तरह के प्रतिबंध यूरोपियन देशों द्वारा लगाए गए हैं।