केदारनाथ के 25 क्षतिग्रस्त मार्गों को किया गया दुरुस्त, जल्द चालू किया जाएगा पैदल मार्ग

27
uttrakhand-news

Uttrakhand News :  उत्तराखंड में बीते कई दिनों से प्रकृति का कहर जारी है। भारी बारिश के चलते नदी और नाले उफान पर हैं। पिछले दिनों भूस्खलन के चलते केदारनाथ मार्ग कई जगह अवरुद्ध हुआ है। अब केदारनाथ पैदल मार्ग को फिर से चालू करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रही है।

25 मार्गों को किया गया दुरुस्त 

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि, केदारनाथ रास्ते पर 29 मार्ग क्षतिग्रस्त हुए थे। उनमें से 25 मार्गों को दुरुस्त कर लिया गया है और यात्रियों के लिए एक से दो मीटर का रास्ता खोल दिया गया है। जहां पर ज्यादा सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थी, वहां पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए 300 से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। बता दें, चार धाम यात्रा के लिए सोनप्रयाग से गौरीकुंड मार्ग को भी खोल दिया गया है।

500 लोगों को निकाला गया बाहर 

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि, रविवार को भी भूस्खलन हुआ था, जिसकी वजह से कई रास्ते क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिस जल्द से जल्द ठीक किया जाएगा। एक रास्ता कालीमठ समासी से होते हुए लिंचोली तक जाता है। भूस्खलन के बाद वहां फंसे 500 लोगों को निकाला गया। वो रास्ता थोड़ा कठिन है, अगर कोई व्यक्ति स्वस्थ नहीं है तो उसे थोड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

बता दें कि, उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी मौसम खराब रहने का अनुमान जताया गया है। खासकर उत्तरकाशी, चमोली, और बागेश्वर जिलों में, जहां के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। यहां पर मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें: मरीजों पर टूटी आफत…यूपी समेत देश भर में डॉक्टरों की हड़ताल आज भी जारी

वहीं, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और नैनीताल जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 से 18 अगस्त तक उत्तराखंड में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिला प्रशासन को इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)