भाजपा अडानी जैसे दोस्तों के लिए और कांग्रेस गरीबों के हक में काम करती है, खड़गे का PM मोदी पर हमला

45

mallikarjun-kharge

रांचीः कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे झारखंड दौरे पर है। यहां एक कार्यक्रम के दौरान खड़गे ने भाजपा की मोदी सरकार पर जमकर हमला किया। खड़गे ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने SBI और LIC का पैसा अपने मित्र अडानी को गलत तरीके से दिया। यह देश के आम आदमी का पैसा है, जिसके डूबने का खतरा पैदा हो गया है। संसद में इसपर सवाल उठे लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब देना तो दूर, अडानी का नाम तक नहीं लिया। उन्होंने झूठ और प्रपंच की सारी हदें पार ली हैं। खड़गे शनिवार को झारखंड के पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के गुमानी (श्रीकुंड) हाईस्कूल मैदान में कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

ये भी पढ़ें..अब्बास अंसारी से अवैध तरीके से मिलते पकड़ी गई पत्नी निकहत, जेल अधीक्षक समेत 8 कर्मियों पर गिरी गाज

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। रसोई गैस का सिलिंडर तक भरवाने में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। देश में 71 हजार स्कूलों मोदी जी ने बंद करा दिया। ये जो बार-बार गरीबों की बात करते हैं, लेकिन वो गरीबों को खत्म करने में लगे हैं। मैंने संसद में गरीबों की बात की तो हमारे भाषण को असंसदीय कह दिया। हम देश में किसानों के लिए लड़ रहे हैं, मजदूरों के लिए लड़ रहे हैं। लेकिन भाजपा अपने दोस्तों के लिए काम कर रही है। खड़गे ने कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जो सरकार चल रही है, उसने बड़े काम कर दिखाए हैं। हम एकजुट होकर चलेंगे तो मोदी जी को दिखा देंगे कि हम उनकी मनमर्जी के खिलाफ हैं।

गौरतलब है कि झारखंड में इस अभियान की शुरुआत को लोकसभा चुनाव की तैयारियों की शुरूआत के रूप में देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस कोटे के सभी मंत्री, विधायक, कांग्रेस प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी, 24 जिलों के अध्यक्ष, जिला कमेटी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले के अभियान के तहत हम लोग हर घर तक पहुंचेंगे। लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं की कमियों, महंगाई, बेरोजगारी से अवगत करायेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)