राजनीति लोकसभा चुनाव 2024

वित्त मंत्री बोलीं- झारखंड में हर सिग्नेचर के लिए होती है वसूली, दीवार से पाताल तक मिल रहा कैश

nirmala-sitharaman

रांचीः केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman ) ने गुरुवार को रांची में प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद कार्यक्रम में कहा कि झारखंड में इतना भ्रष्टाचार है कि यहां हर सिग्नेचर के बदले पैसा वसूला जाता है। कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब है कि रंगदारी नहीं देने पर व्यवसायियों की हत्या तक हो रही है। यहां दीवार से लेकर पाताल तक कैश मिलता है। यह स्थिति बदलनी चाहिए। यहां के लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य और देश के लिए वोट करना चाहिए।

रांची के रेडिसन ब्लू होटल में 'पूर्वी भारत: विकसित भारत के लिए प्रगति का इंजन' विषय पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि जब झारखंड बिहार से अलग हुआ तो लगा कि जंगलराज से मुक्ति मिल जायेगी। मगर दुर्भाग्यवश पिछले साढ़े चार साल से यहां नया जंगल राज शुरू हो गया है।

दो कारणों से राज्य में हुई 795 लोगों की हत्या

सीतारमण ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के हालिया आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि आर्थिक और राजनीतिक कारणों से पूरे देश में सबसे ज्यादा हत्याएं होती हैं। साल 2022 में इन दो कारणों से इस राज्य में 795 लोगों की हत्या हुई। इस राज्य की यह दुखद तस्वीर तभी बदलेगी जब केंद्र के साथ-साथ राज्य में भी बेहतर सरकार बनेगी।

पलायन को झारखंड की गंभीर समस्या बताते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में संताल परगना, साहिबगंज और गोड्डा से इतना ज्यादा पलायन हुआ है कि वहां की डेमोग्राफी ही बदल गई है। यहां के युवा प्रतिभाशाली हैं, लेकिन खराब कानून व्यवस्था और अवसरों की कमी के कारण वे लगातार पलायन कर रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः- 'श्रीकांत शिंदे के माथे पर लिखा है- मेरा बाप गद्दार है'...प्रियंका चतुर्वेदी की अभद्र टिप्पणी

दीवारों से लेकर पाताल तक बरामद हो रही नकदी 

झारखंड में केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी में नोटों की बरामदगी की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सब देख रहे हैं कि यहां दीवारों से लेकर पाताल तक नकदी मिल रही है। इतने ज्यादा नोट मिल रहे हैं कि उन्हें गिनने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली काउंटिंग मशीनें भी गर्म हो रही हैं। उन्होंने सभागार में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या यही झारखंड की नियति है?

केंद्रीय वित्त मंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के नाम से मशहूर झारखंड में आदिवासियों और दलितों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हमें जंगल राज नहीं बल्कि बेहतर झारखंड चाहिए। यहां के लोगों को एक मजबूत संसद और बेहतर राज्य के लिए वोट करना चाहिए।

झारखंड में बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की क्षमता 

उन्होंने कहा कि देश का 40 फीसदी खनिज भंडार रखने वाले झारखंड में बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की क्षमता है, लेकिन जब यहां हर सिग्नेचर पर पैसा वसूला जायेगा, तो निवेशक कैसे आयेंगे? कानून व्यवस्था बिगड़ेगी तो यह कैसे संभव है? वित्त मंत्री ने केंद्र द्वारा झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने के आरोपों का जोरदार खंडन किया और आंकड़े गिनाये कि कैसे वर्तमान सरकार ने यहां विकास योजनाओं के लिए सबसे अधिक धन मुहैया कराया।

  (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)