Featured आस्था

प्रथम पूज्य भगवान गणपति की आराधना से पूरी होती है सभी मनोकामना, जानें कब शुरू होगी गणेश चतुर्थी

bhagwan-ganesh

नई दिल्लीः गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। ऐसे में लोग इस पर्व का इंतजार काफी बेसब्री से करते हैं। इस दिन देवों में सर्वप्रथम भगवान श्रीगणेश की आराधना की जाती है। लोग अपने घर में गणपति की स्थापना करते हैं। 10 दिन तक चलने वाले इस पर्व में गणपति की खूब सेवा की जाती है। तरह-तरह के पकवानों से गणपति को भोग लगाया जाता है। पूरे विधि-विधान के साथ गणपति की पूजा कर उनकी आरती की जाती है। ये पर्व और उत्साह पूरे 10 दिन तक चलता है और 10 दिन के बाद अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान गणेश का गाजे-बाजे के साथ हर्षोल्लास से विसर्जन कर दिया जाता है। आइये जानते हैं गणेश चतुर्थी पर गणेश की स्थापना का शुभ मुहूर्त और स्थापित करने की महत्व।

गणेश चतुर्थी का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, गणेश चतुर्थी का पर्व हर वर्ष भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। सभी देवताओं में प्रथम आराध्य भगवान गणेश का यह त्योहार इस साल 10 सितंबर 2021 को मनाया जा रहा है। यानि इस बार गणेश चतुर्थी का पर्व 10 सितंबर 2021 दिन शुक्रवार को पड़ रहा है। इस दिन अगर शुभ मुहूर्त में ही गणपति की स्थापना की जाए, तो ये आपके लिए काफी फलदायी होगा। इस वर्ष पूजा का शुभ मुहूर्त दोपहर 12.17 बजे से लेकर रात 10 बजे तक रहेगा। ऐसे में 10 सितंबर को 12 बजे के बाद कभी भी गणपति की स्थापना और पूजा आदि की जा सकती है।

इस मंत्र का करें जाप
गणपति स्थापित करने के बाद घर में पूरे विधि-विधान के साथ उनकी पूजा की जाती है। पूजा के समय ‘ऊं गं गणपतये नमः’ मंत्र का जाप अवश्य करते रहना चाहिए। इससे फलदायी लाभ प्राप्त होगा। वहीं, प्रसाद के रूप में गणपति को मोदक और लड्डू चढ़ायें। मान्यता के अनुसार गणपति को मोदक और लड्डू दोनों ही बेहद प्रिय हैं।

यह भी पढ़ें-अफगानिस्तान के पंजशीर प्रांत पर भी तालिबान का कब्जा, नाॅर्दन अलायंस...

कब होगा विसर्जन
बता दें कि गणपति को 10 दिनों तक घर पर रखा जाता है। उसके बाद अनंत चतुर्दशी के दिन बप्पा का विसर्जन किया जाता है। इस साल अनंत चतुर्दशी 19 सितंबर 2021 दिन रविवार को मनाई जाएगी। इस दिन गणपति को विदाई दी जाती है। इस साल चतुर्दशी तिथी 19 सितंबर से शुरू होकर 20 सितंबर तक रहेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)