अगले दो दिनों तक भारत के कई राज्यों में छाया रहेगा घना कोहरा, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

5

Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा कि उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में ‘बहुत घना’ कोहरा जारी रहने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान इसके पूर्वी भारत तक फैलने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने कहा कि शनिवार और रविवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन के दौरान भीषण ठंड जारी रहने की संभावना है।

1 जनवरी तक रहेगा घना कोहरा

आईएमडी ने कहा कि पंजाब के कई हिस्सों में शनिवार देर शाम से अगले दिन (रविवार) सुबह तक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 जनवरी तक आधी रात और सुबह के दौरान और हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक बहुत घना कोहरा रहेगा। दृश्यता 50 मीटर होने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड में 4 जनवरी तक, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, झारखंड में रविवार और 1 जनवरी को सुबह कुछ घंटों तक घना कोहरा रहने और दृश्यता 50 से 200 मीटर रहने की संभावना है।

रविवार और 2 जनवरी के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इसी तरह की स्थिति होने की उम्मीद है। आईएमडी ने कहा कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में, जम्मू और कश्मीर में हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है।

यह भी पढ़ें-पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, MP के कई हिस्सों में छाया घना कोहरा

कई हिस्सों 2-3 डिग्री सेल्सियस रहेगा तापमान

आईएमडी ने यह भी भविष्यवाणी की है कि अगले दो दिनों के दौरान मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। आईएमडी ने यह भी कहा कि पश्चिमी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर ताजा पूर्वी लहर और कम दबाव के क्षेत्र के कारण, 3 जनवरी तक दक्षिण तमिलनाडु, दक्षिण केरल और लक्षद्वीप में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं शनिवार को दक्षिणी तमिलनाडु में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)