Featured मनोरंजन

Vikram Gokhale का फिल्मी परिवार से था ताल्लुक, कई सुपरहिट फिल्मों में किया अभिनय

vikram-gokhale

मुंबईः हिंदी एवं मराठी फिल्मों के मशहूर अभिनेता विक्रम गोखले का शनिवार को 77 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनकी हालत बुधवार से ही नाजुक बनी हुई थी और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। शुक्रवार को उनकी हालत में कुछ सुधार भी हुआ था, लेकिन मल्टी ऑर्गन फेलियर की वजह से शनिवार दोपहर को उनका निधन हो गया। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर फैल गई है।

विक्रम गोखले का फिल्मी परिवार से था ताल्लुक
14 नवंबर, 1945 को जन्मे विक्रम गोखले एक फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते थे। विक्रम गोखले के पिता चंद्रकांत गोखले भी मराठी थिएटर और फिल्मों के अभिनेता थे। उनकी परदादी दुर्गाबाई कामत को भारतीय फिल्मों की पहली अभिनेत्री बताया जाता है। इसके अलावा उनकी दादी कमलाबाई गोखले इंडियन सिनेमा की पहली फीमेल चाइल्ट आर्टिस्ट थीं। घर में फिल्मी माहौल होने के कारण विक्रम का झुकाव भी अभिनय की तरफ हुआ या ये कहे कि अदायगी उनके खून में थी। विक्रम गोखले ने साल 1971 में रिलीज हुई अमिताभ बच्चन की फिल्म परवाना से बॉलीवुड में अपने सिने करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह हिंदी व मराठी भाषा की कई फिल्मों में अभिनय करते नजर आये। विक्रम गोखले की कुछ प्रमुख फिल्मों में हम दिल दे चुके सनम, मिशन मंगल, हिचकी, अय्यारी, बैंग बैंग, दे दना दन और भूल भुलैया आदि शामिल हैं।

ये भी पढ़ें..दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले का निधन, पुणे के अस्पताल में ली...

छोटे पर्दे पर भी छोड़ी अमिट अभिनय की छाप
विक्रम गोखले बड़े पर्दे के अलावा छोटे पर्दे पर भी काफी सक्रिय रहे। उन्होंने उड़ान, इंद्रधनुष, क्षितिज ये नहीं, संजीवनी, जीवन साथी, सिंहासन, मेरा नाम करेगी रोशन, शिव महापुराण और अवरोधरू में काम किया। अभिनय के साथ ही विक्रम गोखले ने साल 2010 में बतौर निर्देशक मराठी फिल्म अघात बनाई। इन सब के अलावा विक्रम गोखले थियेटर जगत में भी सक्रिय थे। थिएटर में उनके योगदान के लिए उन्हें संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से नवाजा भी जा चुका है। इसके अलावा साल 2013 में मराठी फिल्म अनुमति में शानदार अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका है। विक्रम गोखले आखिरी बार इसी साल रिलीज हुई शिल्पा शेट्टी की फिल्म निकम्मा में नजर आये थे। अपनी शानदार अदायगी का लोहा मनवा चुके और दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुके विक्रम गोखले ने शनिवार यानि 26 नवंबर, 2022 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लेकिन वह सदैव दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगे। अभिनय जगत में उनके योगदानों को हमेशा याद किया जायेगा। विक्रम गोखले का निधन मनोरंजन जगत की अपूरणीय क्षति है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…