महाराष्ट्र राजनीति

मोदी लहर की वजह से मिली 4 राज्यों में जीत: देवेंद्र फडणवीस

मुंबईः यूपी समेत चार राज्यों में भाजपा को मिली जीत के बाद पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से 4 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में आशातीत सफलता मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता में विश्वास पैदा किया है कि जब तक मोदी है, कोई भूखा नहीं रहेगा, कोई बेरोजगार नहीं रहेगा। अब अगली लड़ाई मुंबई की है। मुंबई को तथा मुंबई के नागरिकों को भ्रष्टाचार के कीचड़़ से मुक्त करना है।

ये भी पढ़ें..UP Election Result: 18वीं विधानसभा में 36 मुस्लिम उम्मीदवारों के सिर सजा जीत का सेहरा

मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गोवा के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस का जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। उन्हें पूरा विश्वास था कि चुनाव तो मोदी की वजह से जीता ही जाएगा, वे तो सिर्फ महाराष्ट्र के प्रतिनिधि के रूप में वहां गए थे। गोवा में जो लोग गरज रहे थे, मतदाताओं ने उन्हें नकार दिया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को हराने का जो लोग दावा कर रहे थे, प्रमोद सावंत के विधानसभा क्षेत्र में शिवसेना उम्मीदवार को सिर्फ 97 वोट मिले। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की लड़ाई भाजपा के साथ नहीं नोटा के साथ है। इस चुनाव में इन लोगों को नोटा से भी कम वोट मिला है।

देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि उत्तर प्रदेश से दिल्ली का रास्ता जाता है। इसलिए 2024 में साफ हो गया है कि अगला चुनाव हम ही जीतेंगे। महाराष्ट्र में भी सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा। भाजपा 2024 में पूर्व बहुमत से सरकार बनाने वाली है। देवेंद्र फडणवीस ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि विजय से अति उत्साहित न हों, संयम बनाए रखें। आगामी चुनाव के लिए कल से तैयारी शुरू कर दें। इसके बाद विधान भवन में भी भाजपा विधायकों ने देवेंद्र फडणवीस का जोरदार स्वागत किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)