Featured मनोरंजन

दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले का निधन, पुणे के अस्पताल में ली अंतिम सांस

vikram-gokhale

मुंबईः कुछ दिनों पूर्व ही सिनेमा और टीवी जगत की दिग्गज अभिनेत्री तबस्सुम के निधन से बाॅलीवुड जगत उबरा भी नहीं था कि अब फिल्म इंडस्ट्री को एक और तगड़ा झटका लगा है। पुणे के एक अस्पताल में भर्ती मराठी फिल्मों के दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले का निधन हो गया है। गोखले 77 साल के थे। गोखले के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर फैल गई है। विक्रम गोखले का अंतिम संस्कार आज शाम को पुणे के बैकुंठ धाम अस्पताल में किया जाएगा।

कई दिनों से जिंदगी और मौत के बीच लंबी लड़ाई लड़ने के बाद विक्रम गोखले ने आखिरकार इस दुनिया को अलविदा कह दिया। विक्रम गोखले को 15 दिन पूर्व पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआत में उनकी सेहत में सुधार देखा गया था, लेकिन फिर अचानक उनकी बुधवार को तबीयत बिगड़ गई। बीमारी से लड़ते-लड़ते लंबी बीमारी के बाद गोखले जिंदगी की जंग हार गए।

दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी शिरीष यादगीकर ने बताया कि विक्रम गोखले का इलाज 5 नवंबर से हो रहा था। चार दिन पहले उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। इसलिए सैन फ्रांसिस्को और मुंबई से उनकी दोनों बेटियां दो दिन पहले पहुंच गई थीं। विक्रम गोखले की पत्नी वृषाली गोखले अस्पताल में ही थी। शुक्रवार को मेडिकल बुलेटिन में बताया गया था कि विक्रम गोखले की तबीयत में धीरे -धीरे सुधार हो रहा है। अगले 48 घंटे में वेंटिलेटर की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही बीपी और हार्ट फंक्शन नॉर्मल है। इस खबर से विक्रम गोखले के प्रशंसकों में खुशी फैल गई थी। शनिवार को सुबह शिरीष यादगीकर ने बताया कि विक्रम गोखले की तबीयत आज ठीक नहीं हैं, उन्हें बीपी की तकलीफ बढ़ गई है। अचानक दोपहर में जनसंपर्क अधिकारी ने विक्रम गोखले की मौत की पुष्टि की। विक्रम गोखले के परिवार की ओर जानकारी मिली है कि गोखले का अंतिम संस्कार पुणे के बैकुंठ धाम घाट पर आज शाम किया जाएगा। विक्रम गोखले की मौत की खबर से फिल्म जगत में शोक फैल गया है।

ये भी पढ़ें..ऋचा चड्ढा के सपोर्ट में आये एक्टर प्रकाश राज, अक्षय कुमार...

कई सुपरहिट फिल्मों में किया अभिनय
हिंदी और मराठी फिल्मों के दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले ने कई सुपरहिट फिल्में दी थी। उन्होंने 26 साल की उम्र में साल 1971 में अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। उन्होंने अमिताभ बच्चन संग परवाना फिल्म में काम किया था। साथ ही इन्होंने हम दिल दे चुके सनम में ऐश्वर्या राय बच्चन के पिता की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उन्होंने भूल भुलैया, दिल से, दे दना दन, हिचकी, निकम्मा और अक्षय कुमार की मिशन मंगल जैसी हिट फिल्मों में काम किया था। गोखले के निधन की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर उनके फैंसों के साथ बॉलीवुड कलाकारों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि देने का तांता लगा है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…