‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के लिए शुरु हुआ ‘हुनर हाट’, सीएम धामी ने किया शुभारंभ

हुनर हाट

देहरादूनः देश के 75वें आजादी अमृत उत्सव कार्यक्रम के तहत 30वें हुनर हाट का शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल में शुभारंभ किया गया। यह मेला शुक्रवार से 7 नवंबर तक चलेगा। आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने को लेकर आयोजित हुनर हाट का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम का मकसद देश भर में हुनर को एक मंच के माध्यम से पहुंचाना है।

ये भी पढ़ें..अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने बिहार के लोगों से की यह खास अपील

हुनर हाट में प्रदेश और अलग-अलग राज्यों से आए हुनरमंद लोगों ने अपने स्टाल के माध्यम से अपने द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, नरेश बंशल, विधायक हरबंस कपूर, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, महामंत्री सुरेश भट्ट, ऋषिकेश मेयर अनिता ममगाईं सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जानें क्या है ‘हुनर हाट’

‘हुनर हाट’ केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा चलाई गई एक पहल है। इसका उद्देश्य भारत के कारीगरों और हुनरकारों को सहायता देते हुए उन्नति का एक मंच प्रदान करना है जहां पर वो अपनी कला, खान-पान और संस्कृति का प्रदर्शन और प्रचार कर सके और इनके माध्यम से धन कमा सके। हुनर हाट के माध्यम से इन लोगों के लिए नए अवसर भी उत्पन्न होते हैं। बता दें कि पीएम मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ मिशन के लिए ‘हुनर हाट’ एक प्रामाणिक प्लेटफॉर्म है। यहां पर लोकल व्यवसायिओं को व्यवसाय का एक बड़ा मंच मिलता है जो उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देता है। इससे पीएम मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ को भी मज़बूती मिलेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)