UP Elections: कांग्रेस ने यूपी के युवाओं के लिए ‘भर्ती विधान’ घोषणा पत्र किया जारी

नई दिल्लीः कांग्रेस ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये युवाओं पर फोकस करते हुये पार्टी का ‘भर्ती विधान’ नाम से आठ सूत्री घोषणा पत्र जारी किया। युवाओं को रोजगार देने का भरोसा देते हुए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राज्य की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने इसे जारी किया। दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित कर राहुल और प्रियंका ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को आश्वासन दिया कि उनकी सरकार बनने पर प्रदेश की सबसे बड़ी बेरोजगारी की समस्या का समाधान किया जाएगा और 20 लाख सरकारी नौकरियां दी जायेंगी। साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ाये जाएंगे, लोगों का कौशल विकास कर उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें..प्रेम-प्रसंगः विवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी का घोषणा पत्र खोखले दावे नहीं बल्कि युवाओं को सशक्त करने की रणनीति है। प्रदेश में प्रतिदिन 880 युवा बेरोजगार होते हैं और 5 साल के भाजपा शासन में 16 लाख लोगों ने रोजगार गंवाया है। प्रधानमंत्री हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने का वादा कर सत्ता में आए थे लेकिन वह देश का धन कुछ उद्योगपतियों तक पहुंचाने में ही लगे हुए हैं। उनकी पार्टी को लगता है कि युवाओं को विजन की जरूरत है जिसे कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है।

प्रियंका गांधी

महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जाति और सांप्रदायिकता की राजनीति नहीं करती बल्कि विकास की बात करती है। कांग्रेस का युवा घोषणा पत्र सात करोड़ युवाओं की आकांक्षा का दस्तावेज है। पार्टी सरकार में आने पर 20 लाख सरकारी नौकरियां लाएगी। इसके तहत विद्यालयों, आंगनवाड़ी और पुलिस में भर्ती की जाएगी।

प्रियंका ने कहा कि युवाओं का प्रदेश में चल रही भर्तियों से भ्रष्टाचार और पेपर लीक होने के चलते भरोसा टूट गया है। सत्ता में आने पर पार्टी एक जॉब कैलेंडर लाएगी जिसमें परीक्षा की तिथि साक्षात्कार और नौकरी में ज्वाइन करने की तिथियां होंगी जिसका कड़ाई से पालन किया जाएगा। आरक्षण सही तरह से लागू हो इसके लिए सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। सरकार शिक्षा का बजट भी बढ़ाएगी और प्रदेश में बढ़ रहे नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ मुहिम भी चलाएगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)