प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

UP: CM योगी ने 7,182 एएनएम को सौंपा नियुक्ति पत्र, उत्कृष्ट कार्य करने की दी नसीहत

cm-yogi-adityanath-anm-appointment-letter
cm-yogi-adityanath-anm-appointment-letter लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 7,182 सहायक नर्स दाई (एएनएम) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जिस तरह पारदर्शी व्यवस्था के तहत उनकी नियुक्ति हुई है, वे अपनी सेवाओं से कीर्तिमान स्थापित करें। आज का कार्यक्रम मिशन रोजगार और मिशन शक्ति का संगम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत 7,182 एएनएम की भर्ती के लिए मैं अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को बधाई देता हूं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि आप सभी ने बिना विरोध-प्रदर्षन किए नियुक्ति की प्रतीक्षा की। आप सभी बधाई के पात्र हैं। सरकार ने सभी समस्याओं का समाधान कर भर्ती पूरी की है। अब इसमें कोई बाधा नहीं डाल सकता। कोर्ट-कचहरी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पिछले छह साल में किसी भी तरह की भर्ती में भ्रष्टाचार को कोई जगह नहीं मिली है। पूरी तरह से पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए छह लाख से ज्यादा की भर्ती की गई। कुछ लोगों की परेशानी यह है कि उनकी अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री ने नव चयनित अभ्यर्थियों को उत्कृष्ट कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले लोग रोते थे कि डॉक्टर नहीं है। कोई कर्मचारी नहीं है। अभी ऐसा नहीं है। आजादी से लेकर 2017 तक राज्य में 12 मेडिकल कॉलेज थे। आज प्रदेश में 59 मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं या बनने जा रहे हैं। हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। आप सभी को यह अवसर मिला है। अच्छा काम करके मॉडल बनो। समाज के लोगों को आपके प्रति सम्मान दिखाना चाहिए। आप इसे केवल अपनी सेवाओं के माध्यम से कर सकते हैं। ये भी पढ़ें..Delhi BJP New Office: जेपी नड्डा ने दिल्ली में भाजपा के... उपमुख्यमंत्री व चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने इस अवसर पर कहा कि योगी सरकार स्वास्थ्य विभाग को लगातार मजबूत कर रही है। एएनएम स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ होती हैं। दवाओं और टीकों की कोई कमी नहीं है। ईश्वर को साक्षी मानकर पूरी कतर्व्यनिष्ठा के साथ हमें कार्य करना है। स्वास्थ्य विभाग के बेहतर काम का नतीजा है कि मातृ शिशु मृत्यु दर में कमी आई है। लिंगानुपात में सुधार हुआ है। इस अवसर पर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इन्हें सौंपा नियुक्ति पत्र लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुपमा राय, आकांक्षा मिश्रा, रेणु सिंह, अंजली पाण्डेय, रानी कुनार, शांति पाल, अनामिका मौर्य, साजिया बानो, प्रिया पटेल, सपना गोस्वामी, संध्या यादव, श्वेता वर्मा, सोनम सिंह सिसोदिया, आकांक्षा साहू, शेख संजीदा बानो, स्वाति जायसवाल, कुमारी अनुराधा गुप्ता, स्नेहा सागर, सुनीता पाल, चित्रांशी श्रीवास्तव, माला प्रजापति, प्रियंका भारती, लक्ष्मी देवी रावत, निशा गौतम, ममता राज, कोमल वर्मा और नेहा मिश्रा को नियुक्ति पत्र वितरित किए। जिलों में भी नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)