प्रदेश मध्य प्रदेश Featured

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मालवा क्षेत्र को दी बड़ी सौगात 11 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

fmwenelviaqmvzd_472-min

उज्जैन: केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश के मालवा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए उज्जैन जिले में 5,722 करोड़ की लागत वाली 534 किलोमीटर लंबी 11 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग, नागरिक विमानन राज्य मंत्री डॉ. वीके सिंह भी मौजूद रहे।

केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी के मुख्य आतिथ्य में उज्जैन के राजीव नगर, मकोड़िया आम चौराहा पर गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में जिन 11 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, इनमें 842 करोड़ लागत के उज्जैन-देवास चार-लेन का चौड़ीकरण, 498 करोड़ लागत के उज्जैन-झालावाड़ दो-लेन पेव्ड शोल्डर के साथ सड़क निर्माण, 1352 करोड़ लागत के उज्जैन-बदनावर चार-लेन चौड़ीकरण, 240 करोड़ लागत के जीरापुर-सुसनेर (मप्र राज्य सीमा तक) दो-लेन पेव्ड शोल्डर के साथ सड़क निर्माण, 910 करोड़ की लागत के चन्देसरी से खेड़ाखजुरिया (उज्जैन-गरोठ-l) का चार-लेन निर्माण, 876 करोड़ की लागत से खेड़ाखजुरिया से सुहागडी (उज्जैन-गरोठ-ll) का चार-लेन निर्माण, 823 करोड़ लागत के सुहागडी से बरडिया अमरा (उज्जैन-गरोठ-lll) का चार-लेन निर्माण, 42 करोड़ लागत के जवसियापंथ से फतेहाबाद चंद्रावतीगंज मार्ग, 26 करोड़ लागत के बही-बालागुड़ा-अम्बाव-कनघट्टी-उगरान मार्ग, 36 करोड़ की लागत से बनने वाले बरोठा-सेमल्या चाउ मार्ग और 77 करोड़ लागत के भादवामाता सरवानिया महाराज-जावद-अठाना-ढाणी-सरोदा-चढ़ौल मार्ग शामिल हैं।

शिलान्यास कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़, सांसद अनिल फिरोजिया, महेन्द्र सिंह सोलंकी, रोड़मल नागर, छतर सिंह दरबार, सुधीर गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिध और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि इन परियोजनाओं से सम्पूर्ण मालवा-निमाड़ क्षेत्र का विकास होगा। तीर्थ-यात्रियों और पर्यटकों के लिये सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। उज्जैन-देवास औद्योगिक कॉरीडोर विकास के साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों का भंडारण केन्द्रों के रूप में विकास होगा। यातायात सुगम हो जाने से नागरिकों के समय, ईंधन की बचत के साथ सफर भी सुरक्षित होगा।

गडकरी ने मुख्यमंत्री के साथ किए भगवान महाकाल के दर्शन

शिलान्यास कार्यक्रम से पहले केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और यहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन किये। केन्द्रीय मंत्री गड़करी और मुख्यमंत्री चौहान ने महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। अभिषेक और पूजन अर्चन महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी प्रदीप गुरु ने संपन्न करवाया। मुख्यमंत्री चौहान ने महाकालेश्वर मंदिर के परिसर में शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर केंद्रीय मंत्री गडकरी का सम्मान किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)