नायब तहसीलदार पर अज्ञात बदमाश ने किया जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस

 

सीधी: मध्यप्रदेश के सीधी जिले के वनांचल क्षेत्र कुसमी तहसील के नायब तहसीलदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नायब तहसीलदार लवलेश मिश्रा पर बीती रात अज्ञात बदमाश ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाश ने उन पर कुल्हाडी से सिर पर प्रहार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सीधी के जिला अस्पताल लेकर गए।

जानकारी मिलते ही कलेक्टर समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में दो घंटे चले उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में उन्हें रीवा रेफर कर दिया। कुसमी थाना पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, नायब तहसीलदार लवलेश मिश्रा तहसील मुख्यालय स्थित शासकीय आवास में रहते हैं। वह मंगलवार करीब 9.30 बजे अपने सरकारी आवास के सामने टहल रहे थे, उसी बीच आज्ञात लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें- फतेहपुर: 8 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, फरार पति की तलाश कर रही पुलिस

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें कुसमी स्वस्थ्य केंद्र से उपचार के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन प्रथामिक उपचार के बाद उन्हें सीधी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दो घण्टे चले उपचार के बाद उनकी हालत में किसी तरह से सुधार नहीं हुआ तो उन्हें रीवा रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका रीवा के संजय गांधी मेडिकल अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच-पड़ताल की जा रही है।