संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस ने कहा- विश्व कभी इतना बंटा और संकट से नहीं गुजरा था

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र की आम बहस में विश्व के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व कभी इतना अधिक बंटा हुआ नहीं था और ना ही इतने अधिक संकट से गुजरा था। उन्होंने कोविड-19 महामारी, जलवायु संकट और अफगानिस्तान और अन्य देशों में शांति को प्रभावित करने वाले उथल-पुथल का जिक्र करते हुए आगाह किया कि विश्व गंभीर संकट का सामना कर रहा है।

गुतारेस ने कहा कि मानवाधिकार निशाने पर है, विज्ञान पर हमले हो रहे हैं और सबसे कमजोर लोगों के लिए आर्थिक उम्मीद बहुत देर से आ रही है। इसके लिए एकजुट होकर प्रयास नहीं हो रहा है जिसकी बहुत जरूरत है। मानवीय मूल्यों के प्रति लोगों को जगाना होगा, वर्तमान में सबकुछ गलत दिशा में बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मैं यहां आगाह कर रहा हूं, विश्व को जगना चाहिए। हम रसातल के कगार पर हैं और गलत दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले हमारी दुनिया के लिए कभी भी इतना अधिक संकट नहीं था और लोग इतने बंटे हुए नहीं थे। पिछले साल कोविड -19 महामारी के कारण वार्षिक उच्चस्तरीय सप्ताह भर की बैठक डिजिटल तरीके से की गई थी। लेकिन इस बार बैठक पुराने स्वरूप में प्रारूप में लौट आया है जिसमें 100 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के साथ ही विदेश मंत्रियों व राजनयिक शामिल हैं।