Featured दुनिया

Ukraine Russia War: रूस के निशाने पर यूक्रेन के 24 शहर, जेलेंस्की ने नाटो को दी चेतावनी

ukraine-min-8
ukraine

कीवः रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। तमाम अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के बावजूद रूस लगातार यूक्रेन पर हमले में अपनी ताकत झोंक रहा है। सोमवार को इस युद्ध के 19वें दिन भी रूस ने पूरी ताकत के साथ यूक्रेन पर हमला बोल दिया। यूक्रेन पर हमले के 19वें दिन रूस के निशाने पर यूक्रेन के 24 शहर हैं। इनमें से 19 शहरों में रेड एलर्ट जारी कर दिया गया है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने नाटो को चेतावनी दी है कि जल्द ही उनकी जमीन पर भी रूसी रॉकेट गिरने लगेंगे।

ये भी पढ़ें..शर्मनाकः सड़क पर सारेआम महिलाओं के साथ घिनौनी हरकत, VIDEO बनाते रहे लोग

यूक्रेन की तरफ से युद्ध खत्म करने की कोशिशें तेज

बता दें कि यूक्रेन के 24 शहरों में रूसी सैनिकों की ओर से लगातार बम बरसाए जा रहे हैं। इसमें से 19 शहरों में एयर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की ओर से रविवार देर रात एक वीडियो संदेश जारी किया गया। इसमें उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आपने यूक्रेन के आसमान को नो फ्लाई जोन घोषित नहीं किया, तो जल्द ही नाटो की जमीन पर भी रूसी रॉकेट गिरेंगे। वहीं यूक्रेन की तरफ से युद्ध खत्म करने की कोशिशें भी तेज हुई हैं। माना जा रहा है कि अब रूस के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की के बीच बात चीत कराने के प्रयास करेगा। उनका मानना है कि सीधी बातचीत से ही समस्या का समाधान निकल सकता है।

रूस नाटो सदस्य पोलैंड की सीमा से कर रहा यूक्रेन पर हमला

दरअसल रूस ने नाटो सदस्य पोलैंड से सटे यूक्रेन की पश्चिम सीमा पर एक सैन्य प्रशिक्षण अड्डे पर मिसाइल दागी, जिसमें 35 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। नाटो के सदस्य पोलैंड से लगे सीमा मार्ग से 25 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित इस विशाल सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र पर 30 से ज्यादा मिसाइल दागी गईं। पोलैंड नाटो का सदस्य देश है और यूक्रेन को पश्चिमी देशों की अधिकतर सैन्य मदद इसी रास्ते जा रही है। रूस ने शनिवार को ही चेतावनी दी थी कि यूक्रेन भेजी जाने वाली सैन्य मदद उसके निशाने पर रहेगी। रूसी विमानों ने पश्चिमी शहर इवानो फ्रेंकिव्स्क के हवाई अड्डे पर बम बरसाए। यह शहर स्लोवाकिया व हंगरी की सीमा से 250 किमी दूर है। इसका इस्तेमाल सैन्य व नागरिक उड़ानों के लिए होता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)