चिंतन शिविर के बाद राहुल-प्रियंका गांधी ने जवाई में की सफारी, दोनों बच्चे भी रहे साथ

जयपुरः उदयपुर में चल रहे कांग्रेस के तीन दिवसीय चिंतन शिविर के पूरा होने के बाद कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी (Rahul-Priyanka) पाली जिले के बिसलपुर (बाली) के निकट स्थित सुजान रिसोर्ट पहुंचे। इस दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी पुलिस-प्रशासन का जाप्ता तैनात रहा। उनकी गाड़ी के आगे-पीछे गाड़ियों का काफिला रहा। बिसलपुर के निकट वे जिस रिसोर्ट में रूके। वहां बाहरी व्यक्ति को प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई।

ये भी पढ़ें..सड़क हादसे में 11वीं के छात्र सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत

प्रियंका गांधी (Rahul-Priyanka) के दोनों बच्चे रिहान व मिराया भी उनके साथ रहे। सभी यहां लेपर्ड देखने के लिए आए। वे उदयपुर से पिंडवाड़ा, सिरोही, शिवगंज होते हुए सड़क मार्ग से शिवगंज होते बिसलपुर (बाली) पहुंचे। होटल पहुंचने पर राहुल गांधी व प्रियंका गांधी का होटल प्रबंधन की ओर से राजस्थानी परम्परा अनुसार तिलक लगा, साफा पहनाकर कर स्वागत किया गया। लोक गीत गाए गए। जवाई लेपर्ड कंजर्वेशन में राहुल गांधी पहली बार आए हैं। प्रियंका गांधी इससे पहले दो बार यहां आ चुकी हैं। पहली बार वे अकेली आई थी। दूसरी बार बेटे रेहान के साथ आई थी। दोनों ही बार तीन दिन तक यहां होटल में रूकी थी। बताया जा रहा हैं कि प्रियंका के बेटे रेहान व बेटी मिराया अपने कुछ दोस्तों के साथ दो दिन से इसी होटल में रूके हुए हैं। उन्होंने रविवार सुबह जवाई क्षेत्र में सफारी की। पहाड़ी पर सुस्ता रहे लेपर्ड के फोटो भी लिए।

कांग्रेस का तीन दिवसीय नव संकल्प चिंतन शिविर भारत जोड़ो संकल्प के साथ रविवार को समाप्त हो गया। रविवार शाम को नेताओं के ग्रुप फोटो के बाद कांग्रेस नेताओं का उदयपुर से निकलने का सिलसिला शुरू हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो गई। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जवाई बांध पहुंचे। यहां उन्होंने एक निजी होटल में रात्रि विश्राम किया। इसके बाद सोमवार सुबह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने जवाई में सफारी की और जवाई पैंथर जोन का भ्रमण किया। इस दौरान जवाई में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम रहे। राहुल गांधी जवाई भ्रमण के बाद डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करने के लिए रवाना हो गए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)