Featured मनोरंजन

नहीं रहे 'रामायण' के 'रावण' अरविंद त्रिवेदी, 82 साल की उम्र में हुआ निधन

Actor-Arvind-Trivedi-ravan

नई दिल्लीः रामानंद सागर के हिट टीवी सीरियल 'रामायण' में रावण की भूमिका निभाने वाले लोकप्रिय कलाकार अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार रात हार्ट अटैक से निधन हो गया है। 82 साल के अरविंद त्रिवेदी ने मुंबई में आखिरी सांस ली। उनके निधन की पुष्टी भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने की। भतीजे कौस्तुभ ने जानकारी देते हुए बताया 'वह पिछले कुछ दिनों बीमार थे। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन आज उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके बाद उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। अरविंद त्रिवेदी का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह किया जाएगा।

ये भी पढ़ें..तालिबान ने काबुल के परवन गुरुद्वारे में की तोड़फोड़, लोगों को बनाया बंधक

बता दें कि उज्जैन में जन्म अरविंद त्रिवेदी गुजराती रंगमंच से अभिनय का सफर शुरू किया। अरविंद त्रिवेदी को रावण की भूमिका निभाने के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है। यही नहीं उन्होंने कई कई पॉपुलर गुजराती फिल्मों में भी काम किया है। उनका करियर गुजराती सिनेमा में 40 साल तक चला। त्रिवेदी ‘रामायण’ के अलावा टीवी के एक और पॉपुलर शो ‘विक्रम और बेताल’ में भी अपनी अदाकारी दिखाई थी। उन्होंने हिंदी और गुजराती सहित करीब 300 फिल्मों में भी काम किया। दिवंगत अभिनेता ने कई सामाजिक और पौराणिक फिल्मों में भी अभिनय किया था।

कई बार उड़ी निधन की अफवाहें

बता दें कि अपनी बुलंद आवाज से लोगों को भयभीत करने वाले अरविंद त्रिवेदी (रावण) के निधन की अफवाहें कई बार उड़ीं। साल 2019 में मई के महीने में अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाह आग की तरह फैल गई थी। तब उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने ट्विटर पर उसका खंडन किया था। गौरतलब है कि अरविंद त्रिवेदी का भारतीय सिनेमा में एक सफल करियर के साथ 1991 से 1996 तक संसद के सदस्य भी थे। उन्हें साबरकांठा निर्वाचन क्षेत्र से चुना गया था। इसके अलावा अरविंद त्रिवेदी सेंसर बोर्ड फॉर फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) के कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)