Featured दुनिया

थाईलैंड में पटरी पर लौट रहा पर्यटन, पिछले साल 11.81 मिलियन सैलानियों ने किया सैर

thailand tourism

बैंकाॅकः कोरोना महामारी के बाद पर्यटन एक बार फिर पटरी पर लौट रहा है। लोग सैर-सपाटे के लिए दूसरे देशों का रुख कर रहे हैं। पर्यटन के लिहाज से थाईलैंड का अलग स्थान है, जिसकी वजह से यह इस देश की अर्थव्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। बीबीसी की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, थाईलैंड पर्यटन प्राधिकरण (टीएटी) ने आंकड़े जारी किये हैं, जिसके अनुसार साल 2022 में 11.81 मिलियन पर्यटक थाईलैंड आए। हालांकि यह आंकड़ा 2019 में आए 39.8 मिलियन लोगों से अभी भी कम है। प्राधिकरण ने संभावना जताई है कि 2022 में पर्यटकों का आंकड़ा इस साल बढ़कर 25 मिलियन हो जाएगा।

2027 तक 80 मिलियन का लक्ष्य -

टीएटी ने 2027 तक पर्यटकों की संख्या को बढ़ाकर 80 मिलियन प्रति वर्ष करने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही इस बात पर भी सहमति बन गई है कि थाईलैंड में जून की शुरुआत से प्रत्येक विदेशी पर्यटकों से 300 बात (थाईलैंड की मुद्रा) (9.20 डाॅलर) चार्ज किया जाएगा। टीएटी ने जानकारी दी कि 2021 में देश के सकल घरेलू उत्पाद जीडीपी में पर्यटन राजस्व का हिस्सा केवल 1 प्रतिशत था, जो कि 2019 में 10 प्रतिशत से ज्यादा था। कोरोना महामारी के बाद सरकार देश में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जता रही है। साथ ही थाईलैंड आने वाले सैलानियों के लिए सुरक्षा मानकों को भी अपग्रेड करने की योजना बना रही है।

ये भी पढ़ें..न्यूजीलैंड के 41वें प्रधानमंत्री होंगे क्रिस हिपकिंस, लेबर पार्टी ने संसद में चुना नेता

चीन के पर्यटक बढ़ने की संभावना -

थाईलैंड में पर्यटन को बढ़ावा देने में चीन का महत्वपूर्ण स्थान है। बता दें कि 2019 में लगभग 11 मिलियन चीनी पर्यटकों ने थाईलैंड का सैर किया था। इसके साथ ही थाईलैंड का सबसे बड़ा पर्यटक स्त्रोत चीन था। वहीं, थाई सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस साल देश में पांच मिलियन चीनी पर्यटक आएंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)