Featured राजनीति

पश्चिम बंगाल में टीएमसी का चारों नगर निगमों पर कब्जा, खाता खोलने में नाकाम रही बीजेपी

mamata

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की विधाननगर, सिलीगुड़ी, चंदननगर और आसनसोल नगर निगम में एक तिहाई से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की है। इस चुनाव में तृणमूल ने सिलीगुड़ी नगर निगम को माकपा नीत वाम मोर्चा से छीन लिया है। अन्य तीनों नगर निगमों में तृणमूल ने अपना कब्जा बरकरार रखा है।

साेमवार को मतगणना में तृणमूल कांग्रेस को चारों नगर निगमों में आधे से अधिक मत मिले हैं। तृणमूल ने विधाननगर नगर निगम की 41 वार्डों में से 39, चंदननगर में 32 वार्डों में से 31, सिलीगुड़ी नगर निगम में 47 वार्डों में से 37 वार्डों में जीत दर्ज की है। इसके अलावा आसनसोल नगर निगम में तृणमूल अब तक 106 में से 66 सीटों पर विजयी हो चुकी है। खबर लिखे जाने तक तृणमूल यहां पांच सीटों पर आगे चल रही थी।

विधाननगर नगर निगम पर तृणमूल ने फिर से कब्जा कर लिया है। तृणमूल ने यहां नगर निगम की 41 वार्डों में से 39 में विजय दर्ज की है। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी और मार्क्सवादी पार्टी (माकपा) यहां अपना खाता तक नहीं खोल सकीं। कांग्रेस ने एक सीट पर जीत दर्ज की है जबकि एक पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा है। इसके अलावा चंदननगर नगर निगम में तृणमूल ने 32 वार्डों में से 31 में जीत दर्ज की है। यहां माकपा ने एक सीट जीती है जबकि भाजपा का खाता नहीं खुला है।

इसी तरह सत्तारूढ़ तृणमूल ने सिलीगुड़ी नगर निगम (एमएमसी) को माकपा नीत वाम मोर्चे से छीन लिया है। मतगणना के अनुसार तृणमूल ने यहां पर 47 वार्डों में से 37 में जीत दर्ज की है। भाजपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज कर नगर निगम में मुख्य विपक्षी का दर्जा हासिल किया है। इस नगर निगम में वाम मोर्चा तीसरे स्थान पर चला गया है। उसे केवल चार सीटें ही मिली और कांग्रेस को एक सीट मिली है। खास बात यह है कि सिलीगुड़ी नगर निगम पर माकपा का लंबे समय से कब्जा रहा था। माकपा के दिग्गज नेता अशोक भट्टाचार्य यहां मेयर थे।

यह भी पढ़ेंः-हिजाब विवाद को लेकर चल रहे तनाव के बीच कर्नाटक में फिर से खुले स्कूल

इस बार वह चुनाव हार गए हैं। तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी के कैबिनेट में मंत्री रहे गौतम देव को यहां से मेयर बनाने की घोषणा की है। देव ने तीन हजार मतों के अंतर से जीत हासिल की है। सिलीगुड़ी में तृणमूल को 78.72 फीसद मत मिले हैं जबकि भाजपा और माकपा को क्रमश: 10.64 फीसद और 8.5 फीसद मत ही मिले। इसी तरह आसनसोल नगर निगम में तृणमूल 106 में से 66 सीटों पर दर्ज कर चुकी है और अभी पांच वार्डों में आगे चल रही है। इस नगर निगम में भाजपा ने पांचऔर माकपा तथा कांग्रेस ने दो-दो सीटें जीती हैं। उल्लेखनीय है कि चारों नगर निगमों के चुनाव के लिए 12 फरवरी को मतदान हुआ था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)