बिहार क्राइम

आग लगने से घर में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

HS-2021-04-03T131504.072

पटनाः बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड अन्तर्गत रामभद्रपुर पंचायत के छक्कन टोली गांव में शनिवार को आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है। मुखिया फिरोजा खातून ने बताया कि आगजनी की घटना के समय सभी लोग घर में सोए हुए थे।

कल्याणपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी धर्मवीर कुमार प्रभाकर ने बताया कि रामभद्रपुर छक्कन टोली के एक घर में आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में 12 से 15 घर जलकर खाक हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जब यह घटना घटी तब सभी लोग सो रहे थे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन दस्ते को दी। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में सोनेलाल राय की पत्नी कौशल्या देवी, बहू संगीता देवी और उनकी पोती शामिल हैं।

यह भी पढ़ेंःरंगपंचमी पर घर से निकले किशोरों के कलियासोत डैम में मिले...

पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि खाना बनाने के बाद चूल्हे में बची आग की चिंगारी से आग लगी होगी। उल्लेखनीय है कि गर्मी प्रारंभ होने के बाद राज्य में आग लगने की घटना में वृद्धि देखी जा रही है। दो दिन पहले ही अररिया में आग लगने की घटना में छह बच्चों की मौत हो गई थी।