गाड़ी हटाने को कहा तो बदमाशों ने हेड कांस्टेबल को मारा चाकू, जांच में जुटी पुलिस

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाने में पदस्थ एक हवलदार पर गुरुवार देर रात नशे में धुत 6 बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपितों ने पुलिसकर्मी को घेरकर उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया। यह वारदात थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। घटना के बाद आरोपित मौके से भाग गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल विजय यादव कोहेफिजा थाने में पदस्थ हैं। कोहेफिजा पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब पौने 12 बजे विजय यादव हमीदिया अस्पताल के पास पार्किंग में थे। इसी दौरान वहां पर अर्शलाम, ओसरशाह, हैदर, अली, जेद और मुद्दसिर पहुंच गए। हेड कांस्टेबल विजय ने उन्हें वहां से गाड़ी हटाने को कहा। इसको लेकर आरोपी उससे बहसबाजी करने लगे। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने विजय को घेर लिया।

यह भी पढ़ेंः-पाकिस्तानी साजिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने मार गिराया आइईडी लैस ड्रोन

उसके बाद उनमें से एक ने चाकू विजय की पीठ में घोंप दिया। लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी वहां से भाग गए। यह घटना थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। पुलिस ने सभी आरोपितों पर रात करीब 3.30 बजे हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।