Home उत्तर प्रदेश सुभासपा और सपा के बीच हुआ गठबंधन, ओम प्रकाश राजभर बोले- अबकी...

सुभासपा और सपा के बीच हुआ गठबंधन, ओम प्रकाश राजभर बोले- अबकी बार भाजपा साफ

लखनऊः सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच गठबंधन का ऐलान हो गया। दोनों पार्टियां अगला यूपी विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेंगी। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ उनकी मुलाकात का एक वीडियो भी शेयर किया है। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि अबकी बार, भाजपा साफ।

यूपी के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ एक घंटे तक बैठक की। बैठक के बाद राजभर ने कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव को 27 अक्टूबर को मऊ में अपनी रैली में आमंत्रित किया था और वह सहमत हो गए थे। उन्होंने कहा कि मैंने उनसे आग्रह किया कि हम सभी को भाजपा द्वारा की जा रही नफरत की राजनीति को हराने के लिए एक साथ चुनाव लड़ना चाहिए और उन्होंने सहमति व्यक्त की। उन्होंने यह भी कहा कि किसान, युवा और समाज के कमजोर वर्ग राज्य सरकार से नाखुश हैं। सीट समायोजन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भले ही वह हमें एक भी सीट न दें, फिर भी हम सपा के साथ रहेंगे।

यह भी पढ़ें-रेप के आरोपी कांग्रेस विधायक के बेटे को गृह मंत्री ने…

यह पूछे जाने पर कि क्या असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम अभी भी उनके भागीदारी संकल्प मोर्चा का हिस्सा है, राजभर ने सवाल का जवाब नहीं दिया और वह टालमटोल करते रहे। उन्होंने कहा कि आपके सभी सवालों का जवाब 27 अक्टूबर को दिया जाएगा। एआईएमआईएम ने पिछले हफ्ते बहुत कड़ी प्रतिक्रिया दी थी, जब राजभर ने कहा था कि अगर भाजपा ने उनकी मांगों को स्वीकार कर लिया, तो उन्हें गठबंधन के लिए लौटने में कोई दिक्कत नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)

Exit mobile version