प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

स्वतंत्र देव सिंह बोले- टेलीफोन पर तलाक पाने वाली बेटियों के सम्मान में करें मतदान

Swatantra Dev

संतकबीरनगरः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को जूनियर हाई स्कूल खलीलाबाद में पार्टी प्रत्याशी अंकुर राज तिवारी के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कहा कि टेलीफोन पर तलाक की शिकार होने वाली बेटियों के सम्मान में मतदान कीजिये। अब मुस्लिम बेटियां भी अपने सम्मान के लिए भाजपा को मतदान कर अपना बदला ले रहीं हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सब कुछ भूल जाना, लेकिन योगी-मोदी को मत भुलाना। ऐसे नेता कभी कभी मिलते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने राम मंदिर के मामले को लेकर सपा व कांग्रेस को घेरा। कहा कि हमारे आराध्य देव रामलला 26 वर्षों तक टेंट में रहे। दुनिया में किसी भी धर्म का कोई भी आराध्य टेट में नहीं रहा है। मंदिर न बनने पाए इसके लिए सपा सरकार ने राम भक्तों पर गोलियां चलाई थीं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बाबरी मस्जिद के पक्ष में हलफनामा दिया था। सारी बाधाओं को दूर कर अब राष्ट्रनायक नरेन्द्र मोदी ने मंदिर का निर्माण शुरू करा दिया है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।

सपा को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि पटेल की जयंती पर अखिलेश बाबू को जिन्ना का प्रेम उमड़ता है। एक राष्ट्र के नायक ने देश की एकता अखंडता के लिए छोटी-छोटी रियासतों को जोड़ने के काम किया। उनके जन्मदिन पर भी ओछी मानसिकता वालों ने देश का विखंडन करने वाले को याद किया। उनसे विकास की उम्मीद बेमानी है। केन्द्र से 18 हजार मकान भेजे गए थे और उनके शासन काल में 18 मकान भी नहीं बने, जबकि योगी-मोदी की सरकार बनी तो 2.61 करोड़ मकान बन गए।

वैज्ञानिकों को गाली देते हैं अखिलेश

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना संकट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने देश के वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित कर स्वदेशी टीका बनवाया। इस पर अखिलेश ने कहा यह योगी-मोदी का टीका है। भाजपा व योगी-मोदी का टीका कह देश हित में समर्पित रहने वाले वैज्ञानिकों को गाली दी। आज सारे लोगों को मुफ्त में टीका लगवाकर सुरक्षित किया गया है। सौ देशों को भी मुफ्त में टीका भेजकर मदद की गयी है।

सपा शासन में नहीं दर्ज होता था मुकदमा

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार में लूट होने पर मुकदमे दर्ज नहीं होते थे। बेटियों को उठा ले जाते थे। फरियाद के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होता था। योगी जी की सरकार बनी तो हालात बदल गए। अब लूट और बेटियों को उठाने के हिम्मत नहीं पड़ती है।

प्रदेश में बिछ गया सड़कों का जाल

स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि प्रदेश की सड़कें बदहाल थीं। मैं सोचा करता था कि क्या अपने देश में भी चीन की तरह अच्छी सड़कें होंगी। तब अटल जी ने स्वर्णिम चतुर्भुज योजना शुरू की और परिवर्तन दिखा। जिसके बाद देश में मोदी की सरकार बनी और प्रदेश में योगी सरकार बनी तो प्रदेश में अच्छी सड़कों का जाल बिछ गया।

अब नवरात्र व दीपावली पर भी मिलती है बिजली

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा शासन में ईद, बकरीद व रमजान पर 24 घण्टे बिजली मिलती थी। नवरात्र व दीपावली पर अंधेरा छाया रहता था। अब नवरात्र व दीपावली पर भी 24 घण्टे बिजली मिलती है।