स्वामी अग्निवेश के अंतिम संस्कार में बेहद भावुक नजर आए अनुयायी, देखें तस्वीरें…

 

नई दिल्ली:  लंबे समय से बीमार चल रहे सोशल एक्टिविस्ट स्वामी अग्निवेश का शुक्रवार शाम दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती अग्निवेश लीवर सिरोसिस से पीड़ित थे, जिससे उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। आज शनिवार शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार वैदिक रीति से अग्निलोक आश्रम, बहलपा जिला गुरुग्राम में किया गया। स्वामी अग्निवेश के अंतिम संस्कार के दौरान उनके अनुयायी बेहद भावुक नजर आए। पूरे सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि देते हुए उनका अंतिम संस्कार किया गया। देखें तस्वीरें…

स्वामी अग्निवेश ने शाम 6.55 बजे अंतिम सांस ली। स्वामी को मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली के इंस्टिट्यूट ऑफ लिवर एंड बॉयलरी साइंसेज (आईएलबीएस) में भर्ती करवाया गया था। वे 81 साल के थे।

स्वामी अग्निवेश ने 1970 में आर्य सभा पार्टी बनाई थी। 1977 में उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव जीत हासिल की थी। वे हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।

स्वामी ने सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो बिग बॉस में भी हिस्सा लिया था। वे नवम्बर 2011 में इस शो में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुए थे, लेकिन तीन दिन बाद ही घर से बाहर निकल गए थे।

स्वामी अग्निवेश 2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में भी शामिल रहे थे। हालांकि, बाद में वे इससे दूर हो गए थे।

21 सितंबर 1939 को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में एक ब्राह्मण सनातनी हिंदू परिवार पर जन्मे स्वामी अग्निवेश सामाजिक मुद्दों पर अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए जाने जाते थे।