Featured राजनीति

शुभेंदु अधिकारी बोले- उदयपुर की घटना आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरे की घंटी

Suvendu Adhikari

कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी ने पैगंबर विवाद को लेकर राजस्थान के उदयपुर में हिंदू समुदाय के व्यक्ति की गला काटकर हत्या की घटना को आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरे की घंटी करार दिया है। बुधवार को ट्विटर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो उन्होंने साझा किया है जिसमें वह भाजपा के खिलाफ जिहाद का आह्वान कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि तुष्टीकरण की राजनीति और वोट बैंक की राजनीति की वजह से आज पूरा देश खतरे में है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है मैं उदयपुर के कन्हैया लाल को नमन करता हूं जिनकी गर्दन काट कर हत्या कर दी गई है। उनकी दिवंगत आत्मा को शांति मिले। उनकी शहादत निश्चित रूप से हम जैसे लोगों के लिए आंखें खोलने वाली है जो सद्भावना से रहते हैं और दूसरों पर भरोसा करते हैं।

अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने घटना की एनआईए जांच संबंधी केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश का स्वागत करते हुए कहा है कि भारत में हिंसक गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। इस तरह की घटनाएं हमारी आंतरिक सुरक्षा के लिए गहरे खतरे की घंटी है। ऐसी घटनाओं के लिए तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति जिम्मेदार है। कुछ लोग हैं जो हिंसा करने वाले इन तत्वों का भड़काते हैं और जब वे हिंसा करते हैं तो आंखें मूंद लेते हैं।

उल्लेखनीय है कि पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ नूपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी का समर्थन उदयपुर के सामान्य नागरिक कन्हैया लाल ने की थी। इसके बाद से उन्हें लगातार धमकी मिल रही थी लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया था। अब उनकी गर्दन काट ली गई है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…