प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने लगवाई वैक्सीन, केशव मौर्य बोले-माफी मांगे अखिलेश

mulayam singh yadav

लखनऊः समाजवादी पार्टी के संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को मेदांता अस्पताल में वैक्सीन लगवाई। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के वैक्सीन लगवाने के बाद से भाजपा नेता सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं और साथ ही उनसे माफी मांगने को भी कह रहे हैं। देश के पूर्व रक्षामंत्री व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कोविड से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाई तो उत्तर प्रदेश की राजनीति में इसका असर दिखने लगा।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मुलायम सिंह यादव की तारीफ करते हुए उन्हें धन्यवाद कहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव स्वदेशी वैक्सीन लगवाने के लिए आपका धन्यवाद। आपके द्वारा वैक्सीन लगवाना इस बात का प्रमाण है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा वैक्सीन को लेकर अफवाह फैलाई गई थी। इसके लिए अखिलेश यादव को माफी मांगनी चाहिए। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि यह एक अच्छा संदेश है। आशा करता हूं कि सपा के कार्यकर्ता एवं उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष भी अपनी पार्टी के संस्थापक से प्रेरणा लेंगे। यह भी पढ़ेंःराजधानी में मनमाने दाम पर बिक रहा भुट्टा, देसी मक्का जल्द दूर करेगा किल्लत

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश ने कहा था कि सपा की सरकार आएगी तो सभी को निशुल्क वैक्सीन लगवाई जाएगी। वहीं, उन्होंने कहा था कि भाजपा की वैक्सीन पर भरोसा नहीं है। वह नहीं लगवाएंगे। अब मुलायम सिंह के वैक्सीन लगवाने के बाद प्रदेश की राजनीति में सपा के खेमे में सन्नाटा पसर गया है। वहीं, विरोधी अखिलेश को लेकर जमकर कटाक्ष कर रहे हैं।