रिटायर्ड डिप्टी एसपी के बेटे ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, पत्नी से हुआ था विवाद

कानपुरः जिले के चकेरी थाना क्षेत्र के गांधी ग्राम में सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी के बेटे ने गुरुवार रात कमरे के अन्दर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुक्रवार को शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। आत्महत्या की वजह पत्नी से विवाद सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार चकेरी के गांधी ग्राम में सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी अनिल सिंह का परिवार रहता है। अनिल सिंह का 36 वर्षीय बेटा अमित सिंह दो वर्ष पूर्व इसी क्षेत्र की रहने वाली मेधा से लव मैरिज की थी।

मेधा नोएडा स्थित एक कम्पनी में काम करती है, जबकि अमित सिंह बेरोजगार है। ऐसा बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर अधिकतर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। गुरुवार रात किसी बात को लेकर फोन पर मेधा से विवाद हुआ। जिससे क्षुब्ध होकर अमित ने अपने कमरे में जाकर खुदकुशी कर ली। परिवार को जब शंका हुई तो परिवार के लोग उसके कमरे में पहुंचे तो उसे फंदे पर लटकता पाया। परिजन उसे तत्काल फंदे से उतारकर हैलट अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा करके विधिक कार्रवाई की और जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें..IND vs NZ: भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड…

चकेरी थाना प्रभारी अंजन सिंह ने बताया कि अमित गुरुवार रात को शराब पीकर कहीं से घर आया। इस दौरान उसने पत्नी मेधा से फोन पर बात की। किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद अमित अपने कमरे में चला गया था। कुछ देर बाद कमरे में उसका फंदे से लटका हुआ शव मिला। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)