Home प्रदेश हिमाचल प्रदेश Shimla Weather Update: गर्मी ने तोड़ा 30 वर्षों का रिकॉर्ड, दो दिन...

Shimla Weather Update: गर्मी ने तोड़ा 30 वर्षों का रिकॉर्ड, दो दिन भारी बारिश का अलर्ट

heat-breaks-30-years-old-record

Shimla Weather Update, शिमलाः हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मानसून की गति धीमी पड़ गई है। इस कारण दिन में तेज धूप खिलने से लोगों को गर्मी परेशान कर रही है। मैदानी इलाकों में मई माह जैसी गर्मी देखने को मिल रही है। हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम के गर्म मिजाज से लोग हैरान हैं। बारिश न होने से हिल स्टेशनों में भी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है।

गर्मी ने तोड़ा 30 सालों का रिकॉर्ड

राजधानी शिमला में तीन दशक बाद सितंबर माह में सोमवार को दिन का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले सितंबर 1994 में शिमला का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री रहा था। अन्य ठंडे पर्वतीय क्षेत्रों कल्पा, कुफरी, नारकंडा और डलहौजी में भी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में आसमान साफ ​​है और पारा और चढ़ेगा। हालांकि मौसम विभाग ने मानसून की सक्रियता के कारण 26 सितंबर से बारिश की संभावना जताई है।

10 जिलों में अलर्ट जारी

मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 26 और 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शेष 10 जिलों के लोगों को अलर्ट किया गया है। मौसम विज्ञान ने बताया कि मानसून अब अपने अंतिम चरण में है और इसका असर 26 और 27 सितंबर को देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अक्टूबर में हो सकती है विदाई

खासकर 26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। उनका कहना है कि बादलों से बारिश होने से दिन के तापमान में कमी आएगी। 28 और 29 सितंबर को हल्की बारिश की भी संभावना है, हालांकि अलर्ट नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि इस बार मानसून में सामान्य से कम बारिश हुई है। पिछले कुछ दिनों से मानसून के कमजोर पड़ने से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि अक्तूबर के पहले सप्ताह में मानसून प्रदेश से विदा हो जाएगा।

रातें भी गर्म, 16 शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक

मानसून की गति धीमी पड़ने से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है और रातें गर्म हो गई हैं। सोमवार रात को 16 शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 18, सुंदरनगर में 21, भुंतर में 19.5, कल्पा में 12, धर्मशाला में 19.9, ऊना में 22.6, नाहन में 24.1, केलांग में 10.2, पालमपुर में 18, सोलन में 20.5, मनाली में 15.6, कांगड़ा में 20.6, मंडी में 22.7 और बिलासपुर में 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश में भूस्खलन से बंद 23 सड़कें नहीं खुलीं

प्रदेश में हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद भूस्खलन से 23 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 10 सड़कें कांगड़ा जिले में हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार मंडी जिले में छह, कुल्लू में चार, शिमला में दो और सिरमौर में एक सड़क बंद है। केंद्र के अनुसार बंद मार्गों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः-Uttrakhand News : बदरीनाथ धाम के पास नदी में बहे पिता और बेटा, रेस्क्यू अभियान जारी

उधर, सोलन जिले के दाड़लाघाट के पास कराड़ाघाट में भूस्खलन के कारण शिमला-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग बार-बार अवरुद्ध हो रहा है। यह राजमार्ग रविवार रात को भूस्खलन के कारण बंद हो गया था। सोमवार सुबह इसे बहाल कर दिया गया, लेकिन देर रात फिर से भूस्खलन के कारण यह कई घंटों तक अवरुद्ध रहा। मंगलवार सुबह से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version