Featured राजस्थान राजनीति

सरदारशहर उपचुनाव : भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची जारी, पूनिया-वसुंधरा राजे समेत 40 के नाम

Poonia-Vasundhara-Raje

जयपुरः भारतीय जनता पार्टी ने चूरू जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने चालीस स्टार प्रचारक तय कर दिए हैं। इनमें बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां का नाम टॉप पर है। दूसरा नाम पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे का है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया तीसरे नम्बर पर हैं। इसके बाद उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी विजया राहटकर, केंद्रीय चुनाव समिति और प्रदेश कोर कमेटी सदस्य ओम प्रकाश माथुर का नाम है। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को भी प्रचारकों में शामिल किया गया है।

ये भी पढ़ें..यूपी के 10 जिलों में बनेंगे भव्य न्यायालय, सीएम योगी ने 15 दिन में कार्ययोजना बनाने के दिये निर्देश

भाजपा ने शेखावाटी के तीन में से दो जिलों चूरू और झुंझुनूं के सांसद नरेंद्र कुमार खींचड़ और राहुल कस्वां को तो प्रचारक सूची में शामिल किया है। लेकिन, सीकर सांसद सुमेधानन्द सरस्वती का नाम लिस्ट से नदारद है। इसी तरह राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद होने के बावजूद राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ को प्रचारक सूची में शामिल नहीं किया गया है। राज्यवर्द्धन पूर्व केंद्रीय सूचना जनसम्पर्क मंत्री भी रहे हैं। वे राष्ट्रीय पदाधिकारी हैं। राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य जसकौर मीणा को भी प्रचार अभियान का हिस्सा नहीं बनाया गया है।

राजस्थान से चारों केंद्रीय मंत्रियों को चुनावी अभियान में शामिल किया गया है। इनमें केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल और कैलाश चौधरी शामिल हैं। चारों केंद्रीय मंत्रियों के अलावा आठ सांसद कनकमल कटारा, राजेंद्र गहलोत, सीपी जोशी, दीया कुमारी, डॉ किरोड़ीलाल मीणा, घनश्याम तिवाड़ी, राहुल कस्वां, नरेंद्र खींचड़ को लिस्ट में शामिल किया गया है। प्रदेशाध्यक्ष पूनियां, पूर्व सीएम वसुंधरा, नेता प्रतिपक्ष कटारिया, उपनेता राजेंद्र राठौड़ समेत 10 विधायकों को चुनाव प्रचार का जिम्मा सौंपा गया है। सूची में छह अन्य विधायकों में मदन दिलावर, कैलाश मेघवाल, अभिनेष महर्षि, बिहारीलाल विश्नोई, बलवीर सिंह लूथरा, निर्मल कुमावत के नाम में शामिल हैं। पू्र्व विधायक प्रभुलाल सैनी और पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां को भी लिस्ट में जगह दी गई है।

सूची में राष्ट्रीय सचिव अलका सिंह गुर्जर, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अरुण चतुर्वेदी, चूरू जिलाध्यक्ष धर्मवीर पुजारी, जिला संगठन प्रभारी रामगोपाल सुथार, पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सारण, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच और माधोराम चौधरी, प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, बीजेपी युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अलका मूंदड़ा शामिल हैं। इनके अलावा केशकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मोहन मोरवाल को शामिल किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)