प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल बोले-पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्व में सबसे आगे बढ़ रहा भारत

minister-ravindra-jaisawal

वाराणसीः 74वां गणतंत्र दिवस गुरूवार को जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने पुलिस लाइन में देश की आन बान शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा गुब्बारे आसमान में उड़ाकर शांति का संदेश दिया एवं परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि देश की आजादी हमारे असंख्य वीर शहीदों के बलिदान स्वरूप मिला है, इसे अक्षुण्ण रखने की जिम्मेदारी हम सभी नागरिकों की है। देश की सुरक्षा करने वाले शहीद सैनिकों को नमन करते हैं। पुलिस के जवान भी हमारी सुरक्षा करते हैं, जो शहीद हुए हैं हम उन सब परिवारों का भी नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि हम लोगों के व्यवहार में किसी भी कीमत पर जातिवाद नहीं होना चाहिए, अगर जातिवाद होगा तो हमारा देश कमजोर होगा। वाराणसी के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विश्व में सबसे आगे जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन जो हमारे देश पर ढाई सौ साल तक राज किया, आज उसी को पछाड़कर भारत अर्थव्यवस्था में दुनिया के पांचवें पायदान पर है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे विश्व में भारत का मान सम्मान बढ़ा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि हम लोगों का भी प्रयास करना चाहिए कि अपने व्यवहार और कर्तव्य में हर वह काम हो जिससे भारत और समाज का नाम रोशन हो। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि जो कभी असंभव रहा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प से सिद्धियों के रूप में सदियो पश्चात नव्य भव्य श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर बना। उन्होंने कहा कि आज नव्य भव्य श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने से रोजाना कई लाख दर्शनार्थी दर्शन के लिए बाबा दरबार आते हैं आज जो काशी में कई लाख लोग दर्शन करने आते हैं और यहाँ की व्यवस्था से किसी को कोई भी कष्ट नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में लगभग 5 लाख 50 हजार नियुक्ति सरकारी नौकरियों के लिए हुई है। पहले नियुक्तियां अपने-अपने क्षेत्र के लोगों और भाई भतीजे के लिए होता था। आज लगभग 1 लाख के ऊपर पुलिस की भर्ती की गई है। आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहतर है। प्रदेश में 17 करोड़ व्यापारियों ने निवेश किया है, क्योंकि यहां का कानून व्यवस्था बेहतर है और उद्यम स्थापना एवं इन्वेस्ट करने के लिए माहौल माकूल है। इस अवसर पर मंत्री रविंद्र जायसवाल ने पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित भी किया।

ये भी पढ़ें..Republic Day 2023: वीरता पुरस्कारों का ऐलान, तीनों सेनाओं के इन...

इस अवसर पर कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने अपने कैंप कार्यालय एवं आयुक्त कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर देश की अखंडता धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को मजबूत बनाये के लिए शपथ दिलायी गई। इस अवसर पर कमिश्नर ने कहा कि हमारे संविधान में मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। केन्द्र एवं राज्य सरकारों के बीच समन्वित संबंध के लिए मार्गदर्शी सिद्धान्त बनाये गये है। देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देशभक्तों की कुर्बानी के पश्चात मिला है, इसे अक्षुण्ण बनाए रखने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने कलेक्ट्रेट के ऐतिहासिक प्राचीर पर ध्वजारोहण करने के पश्चात जनपदवासियों सहित अधिकारी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। जिलाधिकारी ने कहा कि कई देशों को यह शंका थी, कि हमारा देश संविधान को आत्मसात करते हुए गणतांत्रिक व्यवस्था के बल पर आगे बढ़ सकता है या नहीं। परन्तु आज हम एक मजबूत लोकतांत्रिक देश में खड़े हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)