प्रदेश राजस्थान करियर

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने जारी किया परीक्षा कैलेण्डर, छह महीने में होंगी नौ परीक्षाएं

exams

जयपुरः राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड सितंबर 2021 से फरवरी 2022 तक राजस्थान में 9 प्रतियोगी परीक्षाएं करवाएगा। इसके लिए चयन बोर्ड ने मंगलवार को अगले 6 माह में प्रस्तावित परीक्षाओं का कैलेण्डर जारी किया। कैलेण्डर के अनुसार 7 परीक्षाएं इसी साल दिसंबर तक व दो परीक्षाएं अगले साल फरवरी में करवाई जाएंगी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के परीक्षा कैलेंडर में 4 भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल तारीख के साथ जारी किया गया है। जबकि, 5 परीक्षाओं की तारीख अभी तय नहीं की गई है।

सात अलग-अलग विभागों के लिए हो रही भर्ती के लिए कुल 9 परीक्षाएं होंगी। इनमें से ग्राम सेवक और ग्राम विकास अधिकारी की भर्ती दो चरणों में परीक्षा से होगी। इसी तरह कृषि अभियंता की सिविल और कृषि अभियांत्रिकी परीक्षा दो अलग-अलग चरणों में होगी। कैलेंडर के अनुसार 12 सितंबर को कृषि अभियंता सिविल डिग्री संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा 2020, 18 सितंबर को कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती 2021, 23-24 अक्टूबर को पटवार सीधी भर्ती परीक्षा 2019, 29, 30 और 31 अक्टूबर को लिपिक सीधी भर्ती परीक्षा 2018 (फेज-2) करवाई जाएगी।

यह भी पढ़ें-यूपी से संक्रामक बीमारियों का होगा सफाया, सीएम योगी ने दिये...

जबकि, दिसंबर 2021 में संगणक भर्ती परीक्षा 2021, दिसंबर 2021 में सहायक अग्निशमन अधिकारी एवं फायरमैन सीधी भर्ती परीक्षा 2021, दिसंबर 2021 में ग्राम सेवक, ग्राम विकास अधिकारी परीक्षा (प्रारंभिक), फरवरी 2022 में कृषि अभियंता (कृषि अभियांत्रिकी) सीधी भर्ती परीक्षा-2021 तथा फरवरी 2022 में ग्राम सेवक, ग्राम विकास अधिकारी परीक्षा 2021 करवाई जाएगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)