Featured राजस्थान राजनीति

'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुए RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन, राहुल के संग मिलाए कदम

bharat-jodo-yatra-raghuram-rajan

जयपुरः कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का बुधवार को राजस्थान में दसवां दिन है। यात्रा आज सुबह छह बजे सवाई माधोपुर के भाडोती से शुरू हुई और सुबह 10 बजे बामनवास के बाढ़ श्यामपुरा टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक हुआ। इसके बाद यात्रा दोपहर 3:30 शुरू होगी और शाम 6:30 बजे दौसा जिले के लालसोट के बगड़ी गांव चौक में नुक्कड़ सभा के साथ संपन्न होगी, यहीं पर बिलोना कलां में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।

ये भी पढ़ें..Chapra: बिहार के छपरा में जहरीली शराब पीने से 7 की मौत, कई की हालत गंभीर

राघुराम राजन ने राहुल से की लम्बी चर्चा

बुधवार शाम छह बजे यात्रा का सवाई माधोपुर से दौसा जिले में प्रवेश हो जाएगा और अब कई दिन यात्रा दौसा जिले में ही रहेगी। सुबह 6 बजे यात्रा शुरू होने के साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई अन्य नेता राहुल गांधी के साथ चल रहे थे। यात्रा में आज आरबीआई के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन जुड़े हैं। राहुल गांधी ने राजन के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों बातचीत करते हुए चल रहे थे।

Image

आर्थिक मुद्दों पर रघुराम राजन बेबाक राय रखते रहे हैं। राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच आधे घंटे से ज्यादा समय बातचीत हुई। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था। रघुराम राजन सितम्बर 2013 से सितम्बर 2016 तक आरबीआई के गवर्नर रहे हैं, इससे पहले वो प्रमुख अर्थशास्त्री भी रहे।

https://twitter.com/IYC/status/1602877827996848128?s=20&t=Sf1lH7qbGWqRTKel_UrELg

यात्रा के दौरान राहुल गांधी स्थानीय लोगों से भी मिले और उनसे उनके हालचाल जाने, साथ ही गहलोत सरकार के कामकाज को लेकर लोगों से फीडबैक लिया। यात्रा के 16 दिसंबर को 100 दिन पूरे हो जाएंगे। 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी जयपुर में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया है जिसमें शामिल होने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जयपुर आएंगे। बॉलीवुड सिंगर सुनिधि चौहान सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपने गानों की प्रस्तुति देंगी। आज शाम भारत जोड़ो यात्रा दौसा जिले में प्रवेश करेगी।

सचिन पायलट का गढ़ है दौसा

दौसा जिले को पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का गढ़ माना जाता है। सचिन पायलट दौसा से सांसद रहे हैं, उनकी माता रमा पायलट और उनके पिता राजेश पायलट भी दौसा से कई बार सांसद रह चुके हैं। यात्रा 19 दिसम्बर तक यात्रा दौसा जिले में ही रहेगी। दौसा जिले में ही 16 दिसम्बर को राहुल गांधी की यात्रा के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। राजस्थान में यात्रा का आधे से ज्यादा सफर तय हो चुका है। राहुल गांधी की यात्रा अब सचिन पायलट के प्रभाव वाले इलाकों से गुजर रही है। भारत जोड़ो यात्रा में राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पार करने के बाद सप्ताह लंबा ब्रेक आएगा। 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक यात्रा का ब्रेक रहेगा। यात्रा के ब्रेक वाले दिनों में राहुल गांधी लोकसभा में जा सकते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)