प्रदेश Featured महाराष्ट्र

मुंबई में बारिश ने मचायी तबाही, चैंबुर-विक्रोली में दीवार ढहने से 19 लोगों की मौत

accident

मुंबईः मुंबई में भारी बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचायी है। मुंबई के चैंबुर, विक्रोली में भारी बारिश से पहाड़ी का हिस्सा धसकने व भांडुप में वन विभाग की संरक्षक दीवार ढह गयी। इन घटनाओं में अभी तक 19 लोगों की मौत हो गई है। मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका जतायी जा रही है। घटनास्थलों पर व्यापक रूप से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में भारी बारिश के हुई तबाही में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है।

जानकारी के मुताबिक चेंबुर के भारत नगर में पहाड़ी का हिस्सा झोपड़ियों पर गिर जाने से 15 लोगों की मौत हुई है और तकरीबन 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। इसी तरह विक्रोली में स्थित सूर्यानगर में पहाड़ी का हिस्सा झोपड़ों पर गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है और 10 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। भांडुप में अमरकोर स्कूल के पास वन विभाग की संरक्षक दीवार ढहने से 5 झोपड़ियां ढह गयी हैं और हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय दर्डे के अनुसार चेंबुर में भारी बारिश से शनिवार रात डेढ़ बजे पहाड़ी का हिस्सा झोपड़ियों पर गिर गया था। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड व पुलिस के जवान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम रात 3 बजे घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य कर रही है। अब तक मलबे से 16 लोगों को निकाला गया है। मलबे में और भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मृतकों की सही जानकारी फिलहाल देना संभव नहीं है, रविवार को भी यहां राहत व बचाव कार्य जारी है।

यह भी पढ़ेंःचौकी प्रभारी पर लगा महिला को पीटने का आरोप, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

जानकारी के अनुसार शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश की वजह से चेंबूर के भारत नगर में पहाड़ी का हिस्सा धसक कर झोपड़ियों पर गिर गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने तत्काल पहुंचकर यहां राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम पहुंची और स्वानटीम के सहयोग से मलवे में दबे लोगों को ढ़ूंढ़ने का काम जारी रखा है। इस घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह विक्रोली के सूर्यानगर में पहाड़ी का हिस्सा झोपड़ियों पर गिरने से 8 घर दब गए। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड व एनडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्य कर रही हैं। भांडुप में भी वन विभाग की संरक्षक दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। इन तीनों जगह फायर ब्रिगेड के जवान व एनडीआरएफ की टीम राहत व बचाव कार्य कर रही हैं।