प्रदेश उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, भूस्खलन के चलते यमुनोत्री हाइवे समेत 12 मार्ग बंद

band marg_338

उत्तरकाशीः उत्तराखंड में बारिश कहर बरपा रही है। किसानों की रोपाई तो शुरू हो गई लेकिन सड़कें बंद होने से लोगों को मुश्किलों से दोचार होना पड़ रहा है। शनिवार रात्रि से जिले में झमाझम बारिश हुई है। गंगोत्री और यमुनोत्री हाइवे भूस्खलन होने से जगह-जगह बाधित रहा। दोपहर बाद तक एनएच बड़कोट को बीआरओ खोल पाया है। यमुनोत्री हाइवे फेडी के पास मलबा आने के कारण बंद रहा। जनपद के 10 ग्रामीण संपर्क मार्ग भी मलबा आने के कारण बाधित हो गए हैं। गंगोत्री हाइवे नगुण और धरासू के पास कई घंटे बाद सुचारु हो पाया है। फिलहाल यमुनोत्री हाइवे समेत 12 मार्ग बंद हैं।

लगातार हो रही बारिश के कारण बंद और खुलती सड़कों के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंगोत्री हाइवे नगुण और धरासू के समीप दोपहर में 6 घंटे बाद आवाजाही के लिए सुचारू किया गया। यमुनोत्री हाइवे सहित 10 से ज्यादा ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद हैं। गंगोत्री हाइवे भटवाड़ी के समीप भी एक ट्रक के मलबे में फंसने के कारण कुछ देर बंद रहा।

यह भी पढ़ेंःमहंत नरेन्द्र गिरि बोले-मुस्लिम भले ही तीन शादी करें पर बच्चे दो ही होने चाहिए

रतूड़ीसेरा के समीप पहाड़ी से लगातार गिर रहे बोल्डरों के कारण हाइवे के बंद होने और खुलने का सिलसिला जारी है। यमुनोत्री हाइवे धरासू और खरादी के समीप 6 घंटे तक बंद रहा। साथ ही यमुनोत्री हाइवे किसाल, ओजरी और डाबरकोट में भी कुछ देर बंद रहा। अभी भी यमुनोत्री हाइवे फेडी में मलबा आने के कारण बंद है। उसे खोलने का प्रयास जारी है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन नदियों के जलस्तर की मॉनिटरिंग कर रहा है। अभी जनपद में नदियों का जलस्तर अलर्ट मोड से नीचे है।