Featured दुनिया

चीन में तबाही का सबब बनी बारिश, 15 लोगों की मौत, कई लापता

china_223-min

बीजिंगः कोरोना संकट से जूझ रहे चीन में अब बारिश तबाही का सबब बनकर आई है। दक्षिण चीन में हुई तेज मूसलाधार बारिश के कारण 15 लोगों की मौत हो गयी, वहीं दर्जनों लोग लापता हैं। प्रशासन बचाव कार्य के साथ लापता लोगों को ढूंढ़ने में जुटा हुआ है। चीन में तेज बारिश शुरू हो गयी थी। इस कारण जगह-जगह भूस्खलन के साथ बाढ़ जैसी स्थितियां भी बन गयी हैं। चीन के पूर्वी तट के पास फुजियान प्रांत में भूस्खलन से दो इमारतें धराशायी हो गयीं। इन इमारतों के गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई। इनके अलावा भारी बारिश के कारण फुजियान में पांच अन्य लोगों की मौत की बात भी सामने आई है।

इसी तरह दक्षिणी चीन के युन्नान प्रांत को भी भीषण बारिश के कहर का सामना करना पड़ रहा है। युन्नान प्रांत में तीन लोग लापता हैं। उन्हें ढूंढ़ने की कोशिश हो रही है। इसी तरह गुआंग्शी क्षेत्र में बाढ़ का भीषण प्रवाह देखा गया। इस बाढ़ में तीन बच्चे बह गए। बमुश्किल एक बच्चे को बचाया जा सका। बाढ़ में बहे अन्य दोनों बच्चों की मौत हो गयी। चीन में हुई तेज बारिश के कारण आई बाढ़ से आवाजाही भी ठप हो गयी है। युन्नान प्रांत में सड़क और पुल बह गए हैं। कई इलाके मुख्य मार्गों से कट गए हैं।

ये भी पढ़ें..मान सरकार का दावा पंजाब में अवैध खनन पूरी तरह से...

इस कारण सहायता दलों के पहुंचने में भी दिक्कत हो रही है। कुछ सहायता दलों को हवाई मार्ग से भेजा जा रहा है। बाढ़ व भूस्खलन का असर संचार सुविधाओं पर भी पड़ा है। अधिकांश क्षेत्रों की संचार सेवा ठप हो चुकी है। कई इलाकों में बिजली भी गायब है। यह बारिश किसानों के लिए भी मुसीबत बनकर सामने आई है। बाढ़ से फसलों को अत्यधिक हानि हुई है। तीन दर्जन से अधिक घर बाढ़ में बह गए हैं। अब तक डेढ़ हजार से अधिक लोगों को बारिश व बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित निकाला गया है। अन्य लोगों को निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…