Featured पंजाब राजनीति

मूसेवाला के पैतृक गांव पहुंचे राहुल, माता-पिता से मिलकर जताया दुख

moosewala-rahul

चंडीगढ़ः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को पंजाब के मनसा जिले पहुंचे और दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता से मुलाकात की और मूसेवाला की हत्या पर दुख व्यक्त किया। राज्य पार्टी प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा सहित कई कांग्रेस नेताओं ने चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर गांधी का स्वागत किया। राहुल सड़क मार्ग से ढाई घंटे की यात्रा के बाद मूसा गांव पहुंचे।

ये भी पढ़ें..जान से मारने की धमकी मिलने के बाद नूपुर शर्मा और परिवार को पुलिस ने प्रदान की सुरक्षा

मूसेवाला की मां चरण कौर मूसा गांव की सरपंच हैं। मूसेवाला ने फरवरी के विधानसभा चुनावों में मानसा से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनावी शुरुआत की और हार का सामना करना पड़ा। राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले पंजाब के विजिलेंस ब्यूरो ने कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत गिरफ्तार किया था। धर्मसोत कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पिछली कांग्रेस सरकार में वन मंत्री थे। उन पर 25,000 से अधिक पेड़ों की अवैध कटाई में शामिल होने का आरोप है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इससे पहले मूसेवाला के माता-पिता से अलग-अलग मुलाकात की थी।

बता दें कि 29 मई को मूसेवाला के गांव से कुछ ही दूरी पर अज्ञात लोगों ने गोली मार कर मूसेवाला की हत्या की थी। वो पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले दिसंबर में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। हालांकि, पार्टी के साथ युवा रैपर मूसेवाला का कार्यकाल बहुत ही अल्पकालिक था। लेकिन उनकी हत्या ने पंजाब समेत देश को हिलाकर रख दिया। भारत और कनाडा में उनके प्रशंसकों को उनकी मौत से गहरा धक्का लगा। अपने तीन साल लंबे संगीत करियर में, मूसेवाला ने कामयाबी हासिल की। भारत के साथ कनाडा में भी उनके कई प्रशंसक हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)