प्रदेश पंजाब

पंजाब यूथ कांग्रेस ने ट्रैक्टर रैली निकालकर किया दिल्ली कूच

Farmer

चंडीगढ़ः केंद्र सरकार द्वारा कृषि अध्यादेश पारित किए जाने के विरोध में पंजाब यूथ कांग्रेस ने ट्रैक्टर रैली निकाल दिल्ली कूच किया। जीरकपुर में रविवार सुबह पंजाब के विभिन्न जिलों से किसान तथा युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता ट्रैक्टरों पर सवार होकर जीरकपुर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास वीबी ने कहा कि भाजपा ने पूंजीपतियों को लाभ पहुँचाने के लिए तीन कृषि अध्यादेशों को देशवासियों पर थोपने का काम किया है।

रविवार को मोहाली से स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने यूथ कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जीरकपुर, डेराबसी से होकर दिल्ली जाएगी। इस मौके बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि केन्द्र की तरफ से किसान विरोधी लाए गए तीनों बिल रद्द करवाने के लिए कांग्रेस सरकार किसानों के साथ है। कांग्रेस पार्टी किसानों के लिए हर जगह रोष मार्च करने के लिए तैयार है।

इसी तरह पटियाला के नाभा में कैबनिट मंत्री साधू सिंह धर्मसोत ने नाभा यूथ कांग्रेस के प्रधान हरजिंदर सिंह जिंदरी के नेतृत्व में करीब 100 ट्रैक्टरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कैबनिट मंत्री धर्मसोत ने कहा कि केन्द्र द्वारा पारित किये गए तीनो बिल किसानों को बर्बाद कर देंगे। पंजाब का किसान तो पहले ही बहुत ज्यादा मजबूर है। इस समय कैबिनेट मंत्री धर्मसोत, नाभा यूथ कांग्रेस प्रधान हरजिंदर सिंह जिंदरी के अलावा अन्य कार्यकर्त्ता मौजूद थे।

यह भी पढ़ेंः-लखनऊ के विश्व प्रसिद्ध छोटा इमामबाड़ा के आगे के हिस्से को पुलिस ने तोड़ा

पंजाब यूथ कांग्रेस प्रधान वरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले का डटकर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के 31 किसान संगठनों का समर्थन करते हुए यूथ कांग्रेस सडक़ों पर रहेगी। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड ने कहा कि इस लड़ाई में किसान अकेले नही हैं। कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। जाखड़ ने कहा कि केंद्र ने किसान बिलों के रूप में काला कानून लागू करने का काम किया है। इस कानून से किसान ही नही बल्कि आढ़ती व खेती हर मजदूर भी प्रभावित होंगे। इसके अलावा किसान विरोधी बिलों के विरोध में पंजाब के विभिन्न जिलों में किसानों ने कृषि बिल को रद्द करने की मांग की।