Featured पंजाब

कर्ज में डूबा पंजाबः आप सरकार ने दो माह में लिया 9 हजार करोड़ कर्ज

cm-bhagwant-man
पंजाब

चंडीगढ़ः पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार अपने कार्यकाल के दौरान लिए गए कर्ज तथा प्रचार को लेकर विपक्ष के निशाने पर आ गई है। एक तरफ पंजाब सरकार पूर्व सरकारों द्वारा लिए गए कर्ज के मुद्दे पर उन्हें घेर रही है तो दूसरी तरफ महज तीन माह के कार्यकाल में नौ हजार करोड़ का कर्ज लिया गया है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग, कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा तथा भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे प्रचार पर सवाल उठाए हैं।

ये भी पढ़ें..UP Board Result 2022: यूपी बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी, कानपुर के प्रिंस पटेल ने किया टॉप

विज्ञापन पर खर्च कर दिए 24 करोड़

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार ने महज एक महीने में विज्ञापन पर 24 करोड़ रुपए खर्च कर दिए। इस संबंध में एक आरटीआई का हवाला दिया गया है। राज्य का खजाना भरने के दावे करके सत्ता में आई आप सरकार खुद ही इसे खाली करने में जुटी है। कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने आरटीआई से मिली जानकारी की एक कॉपी ट्वीट करके कहा कि सिर्फ अप्रैल में ही प्रचार पर 24 करोड़ खर्च कर दिए गए। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान बताएं कि क्या इस तरह से उन्होंने पंजाब का खजाना भरने का वादा किया था। खैहरा ने कहा कि एक विधायक, एक पेंशन से सरकार एक साल में सिर्फ 8 करोड़ बचाएगी और यहां एक महीने में इतना खर्च कर दिया गया।

सरकारी पब्लिसिटी और विज्ञापनों पर 24.40 करोड़ खर्च

भाजपा नेता मनजिंदर सिरसा ने कर्ज के मुद्दे पर पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार ने पिछले तीन महीने में नौ हजार करोड़ का कर्जा लिया। केवल अप्रैल में सरकारी पब्लिसिटी और विज्ञापनों पर 24.40 करोड़ खर्च कर दिए। पंजाब की किसी महिला को अभी तक एक हजार रुपए महीना नहीं दिया गया। सिरसा ने कहा कि सीएम भगवंत मान जवाब दें कि जब कोई काम नहीं किया तो प्रचार किस बात का किया जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)